New arrangements for tourists at the Taj Mahal, plan made to handle large crowds on New Year s Day ताजमहल पर पर्यटकों के लिए बदली व्यवस्था, नए साल पर भारी भीड़ से निपटने को बना प्लान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ताजमहल पर पर्यटकों के लिए बदली व्यवस्था, नए साल पर भारी भीड़ से निपटने को बना प्लान

नए साल पर आगरा आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्था के लिए अधिकारियों ने बैठक की है। ताजमहल और आगरा किला देखने की मंशा रखने वालों की भीड़ से निपटने की तैयारी की गई है। इसके तहत कल यानी  25 दिसंबर से ही व्यवस्था बदली जा रही है।

Wed, 24 Dec 2025 11:33 AMYogesh Yadav आगरा, विशेष संवाददाता
share
ताजमहल पर पर्यटकों के लिए बदली व्यवस्था, नए साल पर भारी भीड़ से निपटने को बना प्लान

यह खबर उन पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण है, जो बाहर से आगरा में ताजमहल और किला देखने आ रहे हैं। नए साल पर भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त ने विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर कुछ व्यवस्थाओं को बदलने का निर्देश दिया है। 25 दिसंबर से नए साल में 5 जनवरी तक दिल्ली और मथुरा की ओर से आने वाली टूरिस्ट बसें पश्चिमी गेट की बजाय पूर्वी गेट पार्किंग की ओर भेजी जाएंगी।

निर्धारित रूट डायवर्जन के तहत ये बसें कुबेरपुर से इनर रिंग रोड होते हुए रमाडा कट, फतेहाबाद रोड से उतरकर ताजमहल की पूर्वी गेट पार्किंग जाएंगी। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने निर्देश दिए कि कानपुर और फिरोजाबाद की ओर से ताजमहल व आगरा किला आने वाली टूरिस्ट बसें भी कुबेरपुर से रमाडा कट होते हुए पूर्वी गेट पार्किंग पहुंचेंगी। किसी भी पर्यटक वाहन को वाटर वर्क्स से जीवनी मंडी होते हुए आगरा किला या ताजमहल की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Live: विधानसभा के बाहर अरावली और कुलदीप सेंगर को लेकर सपा का प्रदर्शन

बैठक में तय किया गया कि इस अवधि में कम से कम छह से सात अतिरिक्त पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएंगे। यातायात मार्गों पर एडीए द्वारा संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी, जहां पुलिस और यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। गूगल मैप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से प्राप्त यातायात सूचनाओं का विश्लेषण कर समय रहते ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। बैठक में डीसीपी सिटी अली अब्बास, डीसीपी पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक, सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक, एएसआई और सीआईएसएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

एयरपोर्ट जाने वालों को मुफ्त बस सेवा की तैयारी

एयरपोर्ट परिसर में सिविल टर्मिनल तक जाने वाले यात्रियों से बस का किराया न लिए जाने की तैयारी है। नए साल में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट आथारिटी ने नगर निगम के साथ एमओयू साइन करने के लिए प्रस्ताव भेजा है। ऐसा हो जाने से अथारिटी द्वारा अपने पास से औसत किराया नगर निगम को दे दिया जाएगा। अभी तक अर्जुन नगर गेट से यात्रियों को नगर निगम के अंतर्गत आने वाली चार बसों द्वारा सिविल टर्मिनल तक ले जाया जाता है। इन बसों में किराया प्रति यात्री 50 रुपये तक लिया जाता है। अब एयरपोर्ट के निदेशक विवेक कुमार शर्मा ने नगर आयुक्त को प्रस्ताव भेजा है कि वह यात्रियों के आने-जाने के अनुसार औसत किराया एयरपोर्ट अथारिटी से ले लें।

‘हिन्दुस्तान’ ने उठाया था मुद्दा

अर्जुन नगर गेट से सिविल टर्मिनल तक बस से यात्रियों को ले जाने के नाम पर 50 रुपये किराया लेने का मुद्दा सबसे पहले आपके अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने ही उठाया था। उसके बाद से एयरपोर्ट अथारिटी लगातार प्रयास कर रही है कि किसी तरह से यात्रियों से किराया न लिया जाए। एक बार मुख्य सचिव और एयरपोर्ट अथारिटी के उच्चाधिकारियों के बीच भी बात हो चुकी है। इस बार स्थानीय स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया है।

एयरपोर्ट निदेशक विवेक कुमार शर्मा के अनुसार चारों बसों द्वारा सिविल टर्मिनल तक आने और वहां से अर्जुन नगर गेट तक जाने में यात्रियों से किराया न लेने के लिए प्रस्ताव तैयार कर नगर आयुक्त के पास भेजा गया है। उम्मीद है कि इस पर नगर निगम सहमत हो जाएगा और यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के अनुसार खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक का प्रस्ताव मिला है, जिसमें यात्रियों का औसत किराया अथारिटी द्वारा दिए जाने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। जनहित के इस फैसले पर जल्द ही कोई सकारात्मक फैसला ले लिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।