बेटी को जबरन मंदिर ले गया पड़ोसी, फिर भर दी मांग, दुष्कर्म से आहत युवती ने दे दी जान
बांदा में 18 साल की युवती ने जहर खाकर जान दे दी। उसकी मां ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उनकी बेटी को जबरन मंदिर ले गया और मांग में सिंदूर भरने के साथ ही पीपल के सात फेरे भी लिए।

यूपी के बांदा में 18 साल की युवती ने जहर खाकर जान दे दी। उसकी मां ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उनकी बेटी को जबरन मंदिर ले गया और मांग में सिंदूर भरने के साथ ही पीपल के सात फेरे भी लिए। इसके अलावा बेटी से दुष्कर्म भी किया। इसी से आहत होकर बेटी ने जान दे दी।
युवती ने गुरुवार सुबह जहर खाया था। हालत बिगड़ने पर घरवालों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया लेकिन घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की मां ने बताया कि बेटी 12वीं की छात्रा थी। उसके पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करती है। बेटी पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के भाई से बातचीत करती थी।
इस पर उसे डांटा भी था और कहा था कि चाहे जितनी बातचीत करो, शादी इस लड़के से नहीं करेंगे। आरोप लगाया कि मंगलवार को बेटी सहेली के साथ टेलर की दुकान गई थी। पड़ोसी युवक उसे साइकिल से बैठाकर मंदिर ले गया और जबरन मांग भर दी। घर आने पर बेटी ने आपबीती बताई तो आरोपी के घर जाकर शिकायत भी की। इसके बाद से बेटी गुमसुम थी। क्राइम इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन