क्राइम पेट्रोल देख पड़ोसी ने किया मर्डर; शौक पूरा करने के लिए वारदात, कानपुर महिला हत्याकांड में खुलासा
पुलिस ने बताया कि आरोपी रील देखने का शौकीन है। क्राइम पेट्रोल देखने के बाद उसने अकेले रह रहे दंपति की हत्या व लूट की योजना बनाई। वर्तमान में वह मां-पिता के साथ रावतपुर के गणेश नगर में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने हत्या के बाद लूटे गए करीब 20-22 लाख रुपये के 153 ग्राम सोने के गहने भी बरामद किए हैं।

कानपुर के कल्याणपुर में रिटायर शिक्षक की पत्नी का हत्यारा सात माह पूर्व पड़ोस में रहने वाला 19 साल का युवक निकला। उसने दो बार में महिला की गला दबाकर हत्या की। पुलिस की 12 टीमें 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए उस तक पहुंचीं और 48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर दिया। आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में था। पुलिस ने हत्या के बाद लूटे गए करीब 20-22 लाख रुपये के 153 ग्राम सोने के गहने भी बरामद किए हैं। आरोपी रील देखने का शौकीन है। क्राइम पेट्रोल देखने के बाद उसने अकेले रह रहे दंपति की हत्या व लूट की योजना बनाई। वर्तमान में वह मां-पिता के साथ रावतपुर के गणेश नगर में किराये पर रह रहा था।
रिटायर्ड टीचर की पत्नी हत्याकांड में खुलासा
कल्याणपुर आवास विकास एक केशवपुरम बरगद चौराहे के पास रिटायर शिक्षक हरेंद्र कुमार की पत्नी निर्मला की गुरुवार को घर में हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपी ज्वैलरी भी लूटकर ले गया था। शनिवार सुबह 8:10 बजे गंगा इन्क्लेव केसा मार्ग कल्याणपुर से गिरफ्तार कर लिया। उस समय आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। जांच में पता चला कि आर्यन शर्मा उर्फ ईशु हरेंद्र कुमार के मकान से 200 मीटर दूर रहने वाले महेन्द्र सिंह कुशवाहा के मकान में माता-पिता के साथ आठ साल से किराये पर रह रहा था।
सितंबर 2025 में वह रावतपुर गणेश नगर में रहने लगा। आर्यन 12वीं पास है। वह नशे का लती है और साइबर फ्रॉड से भी जुड़ा रहा है। उसे रील देखने का शौक है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि रुपयों की जरूरत, नशा व अन्य शौक पूरे करने के लिए उसने हत्या और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
क्राइम पेट्रोल देखकर बनाया हत्या का प्लान
क्राइम पेट्रोल देखकर उसने परिचित के बुजुर्ग दंपति को चुना और हत्या की योजना बनाई। इसके लिए दो से तीन दिनों तक घर के ठीक सामने पार्क से रेकी की। रिटायर शिक्षक हरेन्द्र के घर से जाते ही वह अंदर घुसा और बोला आंटी छत पर ड्रोन चला गया है, लेने जाना है। चूंकि निर्मला उससे पूर्व परिचित थीं इसलिए उसे छत पर जाने दिया। वह करीब पांच मिनट तक ऊपर रहा और टोह ली कि घर पर दूसरा कोई सदस्य है या नहीं। इसके बाद नीचे आया और निर्मला का गला कस दिया। इसी बीच निर्मला अचेत हो गईं। उन्हें मरा समझकर वह गहने बटोरने लगा। तभी निर्मला को फिर होश आ गया। चूंकि निर्मला उसे पहचान चुकी थीं इसलिए दूसरी बार उसने गले में पहनी चेन से ही उनका गला कसकर हत्या कर दी। लॉकर से गहने निकाल फरार हो गया। 48 घंटे के भीतर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।
कर्ज चुकाने और शौक पूरा करने के लिए की वारदात
आर्यन ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि पिता को मुंह का कैंसर है। इलाज के लिए मां ने गहने गिरवी रख दिए हैं। 80 हजार रुपये का कर्ज है। डीसीपी कासिम ने बताया कि आर्यन सूखे नशे का भी आदी है। 2024-25 में उसने अपना खाता साइबर ठगों को दिया था जिसमें एक लाख रुपये का ट्रांजेक्शन मिला है। कर्ज चुकाने, पिता का इलाज कराने और जुआ और नशे का शौक पूरा करने को उसने वारदात को अंजाम दिया।
नारंगी गमछा और काली टोपी से पहचाना
आर्यन वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ था। वह नारंगी गमछा और काली टोपी पहने था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज आसपास के दुकानदारों और लोगों को दिखाई। पान की दुकान पर वह काफी देर खड़ा रहा था। दुकानदार ने काली टोली और नारंगी गमछा से उसे झट से पहचान लिया। पुलिस सीसीटीवी खंगालते हुए आर्यन के घर तक पहुंच गई।डीसीपी ने बताया मृतका कपड़े, गहने संभालकर रख रहीं थीं। इसी के चलते बेड पर ज्वैलरी रखी थी। एक लॉकर खुला था जबकि दूसरा बंद था। हत्या के बाद आरोपी ने खुले लॉकर से गहने 8निकाले जबकि दूसरा लॉकर चाबी से खोला। उसमें रखी ज्वैलरी वह झोले में भरकर ले गया।
ज्वैलरी में यह सब मिला
आर्यन के पास से पुलिस को सोने का एक बिस्किट, चेन, चार कंगन, मंगलसूत्र, सोने की दो चूड़ी, हार, कान की बाली, झाला समेत अन्य सामान मिला है। उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
पन्नी में डोरे से बांध बाथरूम के पाइप में लटकाए गहने
डीसीपी ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है। उसने लूट के गहने छिपाने के लिए उन्हें काली पन्नी में रखा और उसे बाथरूम से निकले पाइप में धागे के सहारे लटका दिया। पाइप में कपड़ा ठूस दिया और उसके उपर ईंट रख दी। पुलिस को उसने गहने बरामद कराए हैं।




साइन इन