फिलहाल मुंह मीठा कीजिए, ‘सुप्रीम’ राहत के बाद नेहा सिंह राठौर ने यूं जताई खुशी
Neha Singh Rathore: सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने ‘एक्स’ पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा-‘संघर्ष में साथ देने वाले ही अपने होते हैं। मेरे संघर्ष में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले साथियों का हृदय की गहराइयों से आभार। फिलहाल मुंह मीठा कीजिए। लड़ाई जारी रहेगी।’

Neha Singh Rathore: लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली। पहलगाम आतंकी हमले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। नेहा पहले राहत के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट में गई थीं लेकिन हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से उन्हें अंतरिम राहत मिली। हालांकि कोर्ट ने उन्हें जांच अधिकारी के सामने पेश होने और जांच में सहयोग करने का भी निर्देश दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें 19 जनवरी को पुलिस की पूछताछ में शामिल होना है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि यदि नेहा पुलिस जांच में सहयोग नहीं करेंगी तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। अंतरिम राहत मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा-‘संघर्ष में साथ देने वाले ही अपने होते हैं। मेरे संघर्ष में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले साथियों का हृदय की गहराइयों से आभार। फिलहाल मुंह मीठा कीजिए। लड़ाई जारी रहेगी।’
नेहा ने शाम 6:29 बजे यह पोस्ट की। इसके पहले शाम 4:29 बजे एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा-‘माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने मेरी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। इस बड़ी राहत के लिए आपका धन्यवाद। सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद आईएएनएस को दिए एक बयान में नेहा सिंह राठौर ने कहा कि यह बिलकुल सच है कि ऐसी परिस्थितियों में व्यक्ति मानसिक रूप से तनावग्रस्त हो जाता है।
मुझे याद है कि लगभग 15-17 दिन पहले, जब मुझे पहला नोटिस मिला था, तो मैंने एक पत्र के माध्यम से सूचित किया था कि स्वास्थ्य कारणों से मैं आपके समक्ष उपस्थित नहीं हो सकती। लेकिन वीडियो कांफ्रेंसिंग या जूम मीटिंग के जरिए मैं आपसे बातचीत कर सकती हूं। जो भी सहयोग हो सकता है वो करने के लिए मैं तैयार हूं।’ उन्होंने कहा कि जब मुझे दूसरा नोटिस आया तो मुझे लगा कि मैं स्वस्थ महसूस कर रही हूं और मुझे जाना चाहिए। फिर मैं हजरतगंज थाने गई थी।
लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने आगे कहा कि मुझे माननीय सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है और यह मेरे लिए बहुत सुखद खबर है। उन्होंने कहा कि मैं जांच में पूरी तरह सहयोग के लिए तैयार हूं। जब भी मुझे जांच अधिकारी के सामने बयान देने या जांच में आवश्यक सहयोग देने के लिए बुलाया जाएगा, मैं हमेशा तैयार हूं।




साइन इन