मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा; AIMIM नेता शौकत अली का विवादित बयान
AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। जिससे प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि यूपी में 111 नहीं सिर्फ 11 विधायक दे दो तो मैं आपसे वादा करता हूं कि मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा।

यूपी के ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। जिससे प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। AIMIM नेता मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि यूपी में 111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो तो मैं आपसे वादा करता हूं कि मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा। शौकत अली के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली मेरठ में आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने योगी सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। हालांकि इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जिससे सियासी हलचल तेज हो गई। दरअसल उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'मेरे दोस्तों! मैं 111 नहीं, आप मुझे यूपी से 11 जिताकर दे दो। मैं आपसे वादा करके जा रहा हूं कि उत्तर प्रदेश में किसी मुसलमान का अगर एनकाउंटर होगा तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर हो जाएगा। ये वादा है।'
हम दो, हमारे दो दर्जन; जनसंख्या को लेकर जब बोले शौकत
इससे पहले शौकत अली पिछले महीने मुरादाबाद के रामपुर दोराहा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए जनसंख्या वृद्धि को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने मुसलमानों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए नारा दिया था, ‘हम दो, हमारे दो नहीं, बल्कि हमारे दो दर्जन होने चाहिए।’
शौकत अली ने अपने संबोधन में जनसंख्या नियंत्रण के वैश्विक और राष्ट्रीय तर्कों को दरकिनार करते हुए दावा किया कि किसी भी देश की असली मजबूती उसकी बड़ी आबादी में निहित होती है। उन्होंने धार्मिक भावनाओं को जोड़ते हुए कहा, ‘जब अल्लाह बच्चों की नेमत दे रहा है, तो उसे पूरी खुशी के साथ स्वीकार करना चाहिए। बच्चे ऊपर वाले की देन हैं और उन्हें रोकने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।’
कुंवारे नेताओं पर भी कसा था तंज
जनसंख्या नियंत्रण की वकालत करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए शौकत अली ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था कि जो लोग खुद शादी नहीं करते या जिनका अपना परिवार नहीं है, वही दूसरों को जनसंख्या नियंत्रण का ज्ञान बांटते फिर रहे हैं। उनका यह इशारा सीधे तौर पर सत्ता पक्ष के वरिष्ठ नेताओं की ओर माना जा रहा है। मुरादाबाद के मदरसों का जिक्र करते हुए नाराजगी जताई कि यहां मदरसों का विस्तार शिक्षा के लिए किया गया है, लेकिन कुछ लोग इन्हें जानबूझकर 'आतंकवाद का अड्डा' बताकर बदनाम करने की कोशिश करते हैं।




साइन इन