Murder over gutkha spitting youth killed in fight between two groups village tense गुटखा थूकने पर मर्डर; दो पक्षों के बीच मारपीट में युवक की मौत, गांव में तनाव, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गुटखा थूकने पर मर्डर; दो पक्षों के बीच मारपीट में युवक की मौत, गांव में तनाव

आगरा के एत्मादपुर में नाली में गुटखा थूकने को लेकर हुए विवाद में 23 वर्षीय अमित सिंह की मौत हो गई। मारपीट में घायल युवक ने एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने 7 लोगों पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Fri, 6 March 2026 12:34 PMsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाद, एत्मादपुर (आगरा)
share
गुटखा थूकने पर मर्डर; दो पक्षों के बीच मारपीट में युवक की मौत, गांव में तनाव

आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र के गढ़ी महासिंह खेड़ा गांव में नाली में गुटखा की पीक थूकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में घायल 23 वर्षीय अमित सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के अनुसार विवाद मंगलवार दोपहर शुरू हुआ था। गांव निवासी गंभीर सिंह के बेटे प्रमोद की बहू घर के बाहर सफाई कर रही थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जगत सिंह पक्ष के किसी युवक ने नाली में गुटखा की पीक थूक दी। इस पर महिला ने आपत्ति जताते हुए कहा कि घर के बाहर साफ-सफाई रखनी चाहिए और नाली में गंदगी नहीं फैलानी चाहिए। महिला की यह बात दूसरे पक्ष को नागवार गुजर गई और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

गुटखा थूकने के विवाद में हत्या

हालांकि उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला यह कहकर शांत करा दिया कि होली का त्योहार है और इस दिन विवाद नहीं बढ़ाना चाहिए। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। बताया गया कि शाम को गंभीर सिंह पक्ष के कुछ लोग शराब के नशे में घर लौटे। घर की महिलाओं ने उन्हें दिन में हुए विवाद की जानकारी दी। यह सुनते ही वे गुस्से में आ गए और लोहे के पाइप तथा डंडे लेकर दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से अमित सिंह बुरी तरह घायल हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:होली पर पति ने खेला खूनी खेल, पत्नी की छीनी जिंदगी, प्रेमी को भी नहीं छोड़ा
ये भी पढ़ें:MBBS छात्र हत्या: आरोपी ने खुद को बताया कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का भतीजा

हत्या पर परिवार में हाहाकार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित सिंह को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां इलाज के दौरान होली वाले दिन बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में एहतियातन कई थानों की फोर्स तैनात कर दी। अंतिम संस्कार के बाद हालात सामान्य होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मर्डर के बाद थाने में सरेंडर; भतीजे ने चाची को मार डाला, बोला- आए दिन झगड़ती थीं

सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गंभीर सिंह, प्रमोद, आनंद, रवि, राहुल, प्रवेश और जीतू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गंभीर सिंह और प्रमोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल गांव में दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।