Moving UP Roadways bus turns into a ball of fire, screams and shouts erupt; it was ashes in moments चलती रोडवेज बस बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार; पलभर में जलकर हो गई राख, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

चलती रोडवेज बस बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार; पलभर में जलकर हो गई राख

यूपी के अंबेडकरनगर में सड़क पर चलती रोडवेज बस आग का गोला बन गई। लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में आग लगते ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए थे। पलभर बस जलकर राख हो गई।

Tue, 4 Nov 2025 06:37 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
चलती रोडवेज बस बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार; पलभर में जलकर हो गई राख

यूपी के अंबेडकरनगर में हादसा हो गया। आजमगढ़ से अकबरपुर आ रही अकबरपुर डिपो की बस मंगलवार को लगभग तीन बजे आग का गोला बन गई लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। बस में आग लगते ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए थे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बस में लगी आग को बुझाया लेकिन तब तक बस जलकर पूरी तरह से राख हो गई थी।

अकबरपुर डिपो की बस यूपी 45टी 5697 आजमगढ़ से अकबरपुर आ रही थी। इसी दौरान लगभग 3:00 बजे चालक को बस में धुआं नजर आया। उस समय बस कुर्की बाजार से पहले खपुरा के पास पहुंची थी। चालक रामपाल ने तुरंत बस को किनारे खड़ी कर सभी यात्रियों को उतारने के लिए कहा। बस में सवार सभी नौ यात्रियों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया। इतने में आग ने तेजी से बस को अपने आगोश में ले लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई। बस के कंडक्टर द्वारा इसकी सूचना अकबरपुर डिपो को दी गई। डिपो के अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बस में लगी आग को तेजी से बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी।

आग लगने के कारण की जांच में जुटे

सूचना पाकर सीओ सिटी नितेश तिवारी और प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर श्रीनिवास पांडे भी मौके पर पहुंचे। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अकबरपुर डिपो कुंवर हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि बस लगभग नौ साल पुरानी थी। शॉर्ट सर्किट से भी आग नहीं लगी है क्योंकि बैटरी सुरक्षित है। जांच के बाद ही यह पता चल पाएगा कि बस में आखिर किस वजह से आग लगी है। सूचना मिलने पर परिवहन निगम के तमाम बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग लगने के कारण की जांच में जुटे रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुल्हन नहीं पहुंची तो दूल्हे ने तलाशा दूसरा रिश्ता; दूसरी लड़की से रचाई शादी
ये भी पढ़ें:BJP राज मतलब भ्रष्टाचार का भंडार, 100 करोड़ संपति वाले CO को लेकर अखिलेश का हमला
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।