MLA Brijbhushan Rajput enraged said, If needed, I will go to Lucknow, after clash with BJP minister Swatantra Dev UP में मंत्री स्वतंत्र देव से नोकझोंक के बाद बृजभूषण भड़के, बोले- जरूरत पड़ी तो लखनऊ में करेंगे घेराव, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP में मंत्री स्वतंत्र देव से नोकझोंक के बाद बृजभूषण भड़के, बोले- जरूरत पड़ी तो लखनऊ में करेंगे घेराव

यूपी के महोबा में बीजेपी के मंत्री स्वतंत्र देव से नोकझोंक के बाद भड़के विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि अगर जरुरत पड़ी तो लखनऊ में जाकर घेराव किया जाएगा।

Fri, 30 Jan 2026 06:45 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
UP में मंत्री स्वतंत्र देव से नोकझोंक के बाद बृजभूषण भड़के, बोले- जरूरत पड़ी तो लखनऊ में करेंगे घेराव

यूपी के महोबा जिले के एक दिवसीय दौरे में आए जल शक्ति मंत्री का काफिला चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने ग्राम प्रधानों के साथ रोक लिया। विधायक ने कहा कि विधान सभा में मुद्दा को उठाने के बाद भी जल जीवन मिशन के कार्यो में लापरवाही बरती जा रही है। विधायक और मंत्री के बीच हुई नोकझोंक के बाद अधिकारियों ने दखल दिया और विधायक और मंत्री कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां अधिकारियों की मौजूदगी में एक घंटा से अधिक समय तक बैठक चली। बैठक के बाद मंत्री वापस चले गए जबकि भड़के विधायक बृजभूषण ने बेबाक अंदाज में कहा कि अगर जरुरत पड़ी तो लखनऊ में जाकर घेराव किया जाएगा।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को जल जीवन मिशन के जल अर्पण दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। कबरई विकास खंड के लिलवाही में आयोजित कार्यक्रम के बाद शहर के एक निजी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद मंत्री का काफिया चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने सड़क पर वहन लगाकर रोक लिया। विधायक और मंत्री के बीच नोकझोंक हुई। विधायक ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन का बुरा हाल है। कागजों में जिला देश में पहले नंबर पर है मगर धरातल में सड़कों की मरम्मत के नाम पर लापरवाही बरती जा रही है। सदन में मामला उठाने के बाद भी अधिकारी मामले को लेकर कागजी कार्रवाई तक सीमित रह गए है। ग्राम प्रधानों के द्वारा हर संपूर्ण दिवस में शिकायतें होती है जिनका निस्तारण नहीं हो रहा है।

विधायक बृजभूषण के तेवर पर मंत्री स्वतंत्र देव ने अपनी कार में बैठा लिया

मंत्री स्वतंत्र देव ने विधायक बृजभूषण के तेवर देखे तो धरातल पर समस्या को देखने की बात कहते हुए अपनी कार में बैठा लिया। बाद में मंत्री के साथ विधायक कलेक्ट्रेट पहुंचें जहां कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधानों के साथ विधायक बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद मंत्री को काफिला पुलिस की सुरक्षा घेरा के बीच रवाना हुआ जबकि विधायक ग्राम प्रधानों के साथ कलेक्ट्रेट से बाहर निकले।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में बीजेपी के मंत्री स्वतंत्र देव और बृजभूषण भिड़े, तीखी नोकझोंक और हंगामा

बैठक में 20 दिन में सुधार का आश्वासन मिला

विधायक बृजभूषण ने कहा कि प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में 20 दिन में सुधार का आश्वासन मिला। विधायक ने कहा कि 20 दिन बाद अगर समस्या का निस्तारण न हुआ तो लखनऊ में जाकर धरना दिया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा, कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन चक्रपाणि त्रिपाठी सहित जिले भर के अधिकारी मौजूद रहे।

अखिलेश का तंज - विधायक ने मंत्री को बंधक बनाया

उधर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महोबा में मंत्री-विधायक के बीच भिड़ंत पर तंज किया। एक्स पर लिखा कि गांवों में पेयजल संकट और जलजीवन मिशन के अधूरे कामों को लेकर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को भाजपा के विधायक बृजभूषण राजपूत ने बंधक बनाया। विधायक द्वारा अपनी ही सरकार के मंत्री को बंधक बनाना यह दर्शाता है कि भाजपा के विधायक अगला चुनाव हारने वाले हैं। डबल इंजन के डिब्बे आपस में ही टकराने लगे हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।