स्व गणना में गलती हुई तो 5 बार सुधार का मौका, जनगणना कर्मचारी के घर जाने पर बदल सकेगा डाटा
स्व गणना में गलती हुई तो 5 बार सुधार का मौका मिलेगा। यहां तक कि जब जनगणना कर्मी घर पर पहुंचेगा तब भी पूरा डाटा बदला जा सकेगा। हालांकि घर के मुखिया के नाम में संशोधन की सुविधा नहीं होगी।

UP News: भवनों की स्व गणना में अगर कोई गलती हो जाती है तो घबराने की जरूरत नहीं है। लोग अपनी त्रुटियों को पांच बार तक सुधार सकेंगे। यहां तक कि जब जनगणना कर्मी घर पर पहुंचेगा तब भी पूरा डाटा बदला जा सकेगा। हालांकि घर के मुखिया के नाम में संशोधन की सुविधा नहीं होगी। यह बात शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय के बाहर झण्डीवाले पार्क में आयोजित स्व जनगणना कार्यों के शुभारंभ के मौके पर जनगणना निदेशक शीतल वर्मा ने कही। इसका शुभारम्भ नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने किया।
उन्होंने बताया कि 7 मई से शुरू हुई स्व गणना प्रक्रिया में लोग 21 मई तक खुद अपने भवन और परिवार का विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर सत्यापन और गणना का काम शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति से पहले कोई गलती हो गई है तो वह उसे सुधार सकता है। जनगणना कर्मी के सामने भी डाटा में बदलाव कराया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर पूरा विवरण दोबारा भरा जा सकेगा।
मुखिया के नाम में नहीं होगा बदलाव
निदेशक जनगणना ने स्पष्ट किया कि घर के मुखिया का नाम बेहद सावधानी से भरना होगा, क्योंकि एक बार नाम दर्ज होने के बाद उसमें संशोधन संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उसी व्यक्ति का नाम मुखिया के रूप में लिखा जाए जो वास्तव में परिवार का प्रमुख है। लिंक खोलते ही लोगों को यह जानकारी मिल जाएगी कि कौन-कौन से आंकड़े भरने हैं।
डिजिटल जनगणना से बनेगी विकास की नई तस्वीर : एके शर्मा
ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कार्यक्रम में स्व जनगणना कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच से खुद अपने मकान की गणना कर अभियान की शुरुआत की। महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डा. अरविन्द राव, अरुण कुमार गुप्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, विनय राय ने भी अपने भवनों का विवरण भरा। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश महिलाओं के साथ न्याय करने में देश में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान चलाने की जरूरत पड़ी, लेकिन अब समाज तेजी से बदल रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में दिव्यांगों और जाति से जुड़े आंकड़े भी शामिल किए जा रहे हैं।
महापौर हमारी महालक्ष्मी हैं, सफाई में शहर नम्बर एक पर होगा
कार्यक्रम के दौरान मंत्री एके शर्मा ने महापौर सुषमा खर्कवाल की जमकर सराहना की। मंच से उनकी ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, देखो, हमारी महालक्ष्मी बैठी हैं। लक्ष्मी वहीं रहती हैं जहां साफ-सफाई होती है। उन्होंने कहा कि महापौर के नेतृत्व में लखनऊ स्वच्छता रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल करेगा। क्योंकि लक्ष्मी को सफाई में तीसरा स्थान पसंद नहीं है। मंत्री ने लोगों से भी शहर की सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।




साइन इन