‘घर तो उसका उन्नाव है न...’ रेप पीड़िता से जुड़े सवाल पर हंस दिए ओपी राजभर; उड़ाया मजाक!
ओम प्रकाश राजभर से जब एक पत्रकार ने पूछा कि पुलिस ने उन्नाव रेप कांड की पीड़िता और उनके परिवार को इंडिया गेट से हटा दिया तो इस पर वह बोले कि घर तो उसका उन्नाव है। इतना कहने के बाद वह खिलखिलाकर हंस दिए। राजभर के इस रिएक्शन पर लोग हैरान रह गए। उधर, सेंगर को मिली राहत के बाद पीड़िता ने डर जताया है।

2017 के चर्चित उन्नाव रेप कांड पर दिल्ली हाईकोर्ट से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित और सशर्त जमानत दिए जाने का रेप पीड़िता विरोध कर रही है। मंगलवार की रात उसने अपना डर जताया। महिला अधिकार कार्यकर्ता योगिता भयाना और एक महिला परिवारीजन के साथ पीड़िता ने इंडिया गेट के सामने धरना भी दिया लेकिन पुलिस ने वहां से हटा दिया। सेंगर को कोर्ट से राहत और पीड़िता का रिएक्शन चर्चा में है लेकिन बुधवार को जब इस बारे में यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर से पूछा गया तो उन्होंने चौंकाने वाला रिएक्शन दिया। ओपी राजभर ने कहा कि, ‘घर तो उसका उन्नाव में है...।’ इतना कहकर राजभर खिलखिलाकर हंस दिए।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर से जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को पीड़िता के घर के पांच किलोमीटर दूर तक नहीं जाने को कहा है तो कोई असुरक्षित कहां है? पीड़ित पक्ष अभी दिल्ली में क्या कर रहा है? दिल्ली में प्रदर्शन की क्या जरूरत है? इसी दौरान जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि पुलिस ने पीड़िता और उनके परिवार को इंडिया गेट से हटा दिया तो इस पर ओपी राजभर बोले कि घर तो उसका उन्नाव है। इतना कहने के बाद वह खिलखिलाकर हंस दिए।
दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत के लिए रखी है ये शर्त
मंगलवार को कुलदीप सिंह सेंगर को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया था। इसके साथ ही कुलदीप सेंगर को सशर्त जमानत भी दी गई है। कोर्ट ने 15 लाख रुपए के मुचलके और इतनी ही राशि के जमानत की शर्त रखी है। साथ ही हिदायत दी है कि कुलदीप सिंह सेंगर पीड़िता के पांच किलोमीटर के दायरे में नहीं जाएं। जमानत की अवधि में उन्हें दिल्ली में ही रहना होगा। हर सोमवार को पुलिस को रिपोर्ट करना होगा। कोर्ट ने कहा है कि सेंगर ने प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से किसी भी तरह की धमकी नहीं देंगे। उन्हें अपना पासपोर्ट निचली अदालत में जमा करना होगा। इसमें से एक भी शर्त के उल्लंघन पर उनकी जमानत तुरंत रद्द की जा सकती है।
अभी जेल से बाहर आना मुश्किल
उन्नाव रेप कांड में उम्रकैद की सजा निलंबित किए जाने और सशर्त जमानत दिए जाने के बाद भी अभी कुलदीप सिंह सेंगर का जेल से बाहर आना मुश्किल लग रहा है। एक अन्य मामले में अभी उनके जेल में ही रहने की संभावना है।
पीड़िता बोली-हमारे लिए किसी काल से कम नहीं
कुलदीप सिंह सेंगर को मिली राहत और जमानत पर मंगलवार की रात पीड़िता ने अपना डर जताते हुए कहा था कि यह फैसला हमारे लिए किसी काल से कम नहीं है। पीड़िता ने कहा-‘आज जमानत मिली है। कल हमारा घर छीन लिया जाएगा और फिर मार दिया जाएगा। यह निर्णय हमारे लिए काल से कम नहीं है।’
हंसी को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग
इस संजीदा मसले पर हंसी के चलते मंत्री ओम प्रकाश राजभर को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा। सोशल मीडिया पर मंत्री को उनकी हंसी के लिए असंवेदनशील बताया जा रहा है। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण के समय महिला का हिजाब खींचने के मामले में मंत्री संजय निषाद को उनके बयान पर भी घेरा गया था।




साइन इन