सरकारी समारोह में मंत्री एके शर्मा और सांसद राजीव राय भिड़े, भाजपा और सपा वालों में धक्का-मुक्की
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दोहरीघाट स्टेशन पर मेमू ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरानमंत्री एके शर्मा और सांसद राजीव राय भिड़ गए। इस बीच भाजपा और सपा वालों में धक्का-मुक्की और नोंकझोक भी हुई।

UP News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दोहरीघाट स्टेशन पर सोमवार को मेमू ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सपा और भाजपा समर्थकों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा और सांसद राजीव राय भिड़ गए। यही नहीं एके शर्मा और सांसद राजीव राय ने एक-दूसरे पर कार्यक्रम में बाधा डालने के आरोप लगाए।
मंत्री एके शर्मा ने आरोप लगाया कि सपा समर्थकों ने महिलाओं को कार्यक्रम स्थल पर आने से रोका, जबकि सांसद ने कहा कि मंत्री समर्थकों ने उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया। घटना के दौरान हंगामे का वीडियो वायरल हो रहा है, हालांकि ‘ लाइव हिन्दुस्तान’ इसकी पुष्टि नहीं करता। दोनों पक्षों के बीच ट्रेन संचालन के श्रेय को लेकर पिछले एक सप्ताह से आरोप-प्रत्यारोप चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कार्यक्रम स्थल पर तनाव बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस बल की तैनाती के बावजूद नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन हुआ।
मंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहले से मौजूद थे, जबकि सांसद बाद में समर्थकों के साथ पहुंचे। इसी दौरान मंच पर भी हंगामा हुआ, जहां सीओ ने कुछ नेताओं को नीचे उतारने की कोशिश की। पूर्व विधायक स्व सुधाकर सिंह के पुत्र और सपा नेता सुजीत सिंह और सीओ के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद सुजीत सिंह को मंच से उतार दिया गया। इससे सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए । स्थिति बिगड़ने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से कराया।
मेमू ट्रेन से दोहरीघाट सहित आसपास के लोगों को सहूलियत
आपको बता दें कि दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन का शुभारम्भ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर वर्चुवली शुभारंभ किया। दोहरीघाट स्टेशन पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और घोसी सांसद राजीव राय, दोहरीघाट ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय राजू ने प्रतिनिधित्व करते हुए सभा को संबोधित किया। दिल्ली से आयोजित वर्चुअल सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह मेमो ट्रेन मऊ जनपद के दोहरीघाट, अमिला, घोसी, कोपागंज के साथ ही गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज, हाटा और गगहा के लिए लाइफ लाइन साबित होगी। वहीं, व्यापारियों को व्यापार में भी काफी सहुलियत मिलेगी।उधर दोहरीघाट स्टेशन पर प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेंन नहीं है, बल्कि यह जनपद समेत पूरे क्षेत्र के विकास का पहिया है। इस बहुप्रतीक्षित मेमू ट्रेन दोहरीघाट सहित आसपास और गोरखपुर जनपद के दक्षिणाचल के लोगों के लिए यातायात का सुगम साधन होगी।




साइन इन