मेरे लिए जो रायता फैलाकर गई हैं, देवी जी...विनेश फोगाट के आरोपों पर क्या कह गए बृजभूषण शरण सिंह
विनेश फोगाट के आरोपों बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह विषय वर्तमान में जो कुश्ती महासंघ है, उनका है। चूंकि मैं कुश्ती महासंघ का लंबे समय तक अध्यक्ष रह चुका है इसलिए मैं अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि WFI किसी भी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकती है।

UP News : भारतीय महिला पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट सोमवार को चैम्पियनशिप के लिए गोंडा के नन्दिनीनगर पहुंची थीं। कुश्ती संघ से खेलने की इजाजत न मिलने पर वह अयोध्या लौट गईं। विनेश ने आरोप लगाया कि साजिशन खेलने से रोका जा रहा है। बृजभूषण शरण सिंह के इशारे पर मुझे खेलने नहीं दिया जा रहा। इसके बाद कुश्ती संघ अध्यक्ष संजय सिंह पर आरोप लगाकर लौट गईं। विनेश फोगाट के आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा- ‘देखिए मेरे लिए जो रायता फैलाकर गई हैं, देवी जी... हम उसी को निपट रहे हैं कोर्ट में, और वहां कुश्ती चल रही है, और कुश्ती कहां होगी और कहां नहीं होगी, यह मेरा विषय नहीं है।’
भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि यह विषय वर्तमान में जो कुश्ती महासंघ है, उनका है। कौन खेलेगा और कौन नहीं खेलेगा? चूंकि मैं कुश्ती महासंघ का लंबे समय तक अध्यक्ष रह चुका है इसलिए मैं अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि WFI किसी भी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकती है। भारतीय कुश्ती महासंघ बना ही है खिलाड़ियों के लिए। यदि उनको (विनेश फोगाट) को रोका गया है तो इसकी जानकारी उनको होगी।
सुर्खियों में रहा था महिला पहलवानों द्वारा लगाया गया आरोप
बता दें कि महिला पहलवानों द्वारा बृजभूषण शरण सिंह पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का मामला लंबे समय तक सुर्खियों में रहा था। आरोप लगाने वालों में विनेश फोगाट भी थीं। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कई बड़े पहलवानों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया था और इस मामले में जांच शुरू हुई थी। वर्तमान में इस मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। वहीं बयानबाजी का दौर भी जारी है।
विनेश फोगाट और बृजभूषण के बीच ताजा तकरार की वजह
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट और बृजभूषण शरण सिंह के बीच ताजा तकरार भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा विनेश को 10 मई से 12 मई तक गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोके जाने के बाद शुरू हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस टूर्नामेंट के जरिए विनेश फोगाट कुश्ती के मैट पर कमबैक करने वाली थीं लेकिन वापसी से पहले ही भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने विनेश को कारण बताओ नोटिस थमा दिया था। WFI ने विनेश पर अनुशासनहीनता, एंटी डोपिंग नियमों के उल्लंघन, भारतीय कुश्ती की छवि खराब करने और महासंघ के नियमों का पालन न करने जैसे आरोप लगाए थे। महासंघ का कहना है कि विनेश 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए पात्र नहीं हैं।




साइन इन