मां बनने वाली है मुस्कान, डिलीवरी के लिए भर्ती; पति सौरभ को मारकर नीले ड्रम में सीमेंट से जमाया था
यूपी के मेरठ में पति सौरभ की कातिल मां बनने वाली है। गर्भवती मुस्कान की हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुस्कान की डिलीवरी का समय नजदीक है।

यूपी के मेरठ में सौरभ हत्याकांड में जेल बंद गर्भवती मुस्कान की हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुस्कान की डिलीवरी का समय नजदीक है और जेल के अस्पताल में डॉक्टर ने मुस्कान को मेडिकल कॉलेज भेजने की सिफारिश की थी। सुरक्षा के बीच मुस्कान को गायनिक वार्ड में भर्ती कराया गया है। मुस्कान के स्वास्थ्य को लेकर निगरानी रखी जा रही है। मुस्कान के परिजनों को भी थाना पुलिस द्वारा सूचित किया गया है। हालांकि परिवार में से कोई भी मुस्कान से मिलने मेडिकल नहीं पहुंचा।
ब्रह्मपुरी के इंदिरानगर निवासी मुस्कान का साहिल से प्रेम प्रसंग था। मुस्कान का पति सौरभ लंदन में एक बेकरी में काम करता था और फरवरी 2025 में मेरठ आया था। तीन मार्च की रात खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर मुस्कान ने सौरभ को दी और उसके बेहोश होने पर साहिल और मुस्कान ने चाकू से उसकी हत्या कर दी। सौरभ की लाश के टुकड़े किए और नीले ड्रम में सीमेंट डालकर जमा दिया। इसके बाद साहिल-मुस्कान हिमाचल चले गए और 17 मार्च की रात मेरठ आए। 18 मार्च को हत्याकांड का खुलासा हुआ तो पुलिस ने मुस्कान, साहिल को गिरफ्तार कर सौरभ की लाश बरामद की। 19 मार्च से साहिल-मुस्कान दोनों मेरठ जेल में बंद हैं।
मुस्कान के जेल जाने के समय पुष्टि हुई कि वह गर्भवती है। ऐसे में उसे जेल में संबंधित सुविधाएं दी गईं। रविवार रात मुस्कान की तबीयत जेल में खराब हो गई। जेल के अस्पताल में मुस्कान को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। अल्ट्रासाउंड और अन्य व्यवस्था नहीं होने के चलते रात को ही मुस्कान को मेडिकल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल मुस्कान को पुलिस सुरक्षा में मेडिकल के गायनिक वार्ड में रखा गया है। मुस्कान की किसी भी वक्त डिलीवरी हो सकती है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया मुस्कान को डिलीवरी के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया है।
सामान्य डिलीवरी के प्रयास में डॉक्टर, वार्ड किया सील
मुस्कान की पहली बेटी सामान्य डिलीवरी से हुई थी। ऐसे में डॉक्टर इस बार भी सामान्य डिलीवरी के प्रयास में हैं। गायनिक विभाग की एचओडी डॉ. शगुन ने बताया पांच डॉक्टर और टीम को लगाया है। वार्ड के बाहर वाली गैलरी को बंद कर दिया है, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति वहां न पहुंच जाए। मुस्कान की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
परिजनों में से कोई मिलने नहीं आया
जेल प्रशासन और ब्रह्मपुरी पुलिस की ओर से मुस्कान के परिजनों को मुस्कान के मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने की सूचना भेज दी गई है। सोमवार शाम तक कोई भी परिजन मुस्कान से मिलने नहीं पहुंचा।




साइन इन