meerut daughter dead body kept in home for six months post mortem difficulty पोस्टमार्टम लायक भी नहीं रहा शव, छह महीने घर में पड़ी रही लाश की गुत्थी अब ऐसे सुलझाएगी पुलिस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पोस्टमार्टम लायक भी नहीं रहा शव, छह महीने घर में पड़ी रही लाश की गुत्थी अब ऐसे सुलझाएगी पुलिस

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक पिता द्वारा अपनी बेटी के शव को छह महीने तक घर में रखने का सनसनीखेज मामले में मौत का कारण उलझा हुआ है। युवती का शव पोस्टमार्टम के लायक भी नहीं बचा है।

Mon, 13 April 2026 10:40 AMYogesh Yadav मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
पोस्टमार्टम लायक भी नहीं रहा शव, छह महीने घर में पड़ी रही लाश की गुत्थी अब ऐसे सुलझाएगी पुलिस

UP News: यूपी के मेरठ में छह महीने तक घर में ही युवती का शव पड़े रहने का मामला पुलिस और डॉक्टरों के लिए कठिन चुनौती बना हुआ है। युवती के शरीर के करीब 80 प्रतिशत अंग नष्ट हो चुके थे। इस कारण पोस्टमार्टम के लिए कुछ नहीं बचा और मृत्यु का समय और कारण पता ही नहीं चल सका। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने अपनी रिपोर्ट में भी इस बात का उल्लेख किया है और पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी है। ऐसे में पूरा मामला युवती के पिता उदय भानु से पूछताछ और उसके मोबाइल पर पुलिस छानबीन आकर टिक गई है।

सदर बाजार के तेली मोहल्ला में रहने वाली प्रियंका की घर के अंदर ही दर्दनाक मौत हो गई। इससे भी दयनीय स्थिति ये रही कि पिता उदय भानु ने अंतिम संस्कार नहीं किया और लाश के साथ ही मकान में कई माह रहे। लाश की दुर्गंध छिपाने के लिए परफ्यूम छिड़कते रहे। उदय भानु की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह मकान में ही बेटी की लाश को बंद कर दिसंबर में हरिद्वार और देहरादून चले गए। वहां कुछ पंडित से अंतिम संस्कार की जानकारी ली। इस दौरान उदय भानु एक धर्मशाला में रुके थे। बेटी प्रियंका का मोबाइल भी उदय भानु अपने साथ ले गए थे। तीन दिन पहले उदय भानु को कुछ रिश्तेदारों ने बेगम बाग में पकड़ लिया और प्रियंका को लेकर पूछताछ की। इस दौरान प्रियंका की मौत होने और लाश घर के अंदर ही बंद होने का खुलासा हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घर के अंदर ही छह महीने तक सड़ती रही युवती की लाश, परफ्यूम छिड़कता रहा पिता

शुक्रवार रात पुलिस ने घर के अंदर से शव बरामद किया था। पुलिस ने इन अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। डॉक्टर ने इस संबंध में रिपोर्ट पुलिस अधिकारियों को दी है। बताया कि प्रियंका के शरीर के 80 प्रतिशत से ज्यादा अंग नष्ट हो चुके हैं। ऐसे में मृत्यु के समय और कारण से संबंधित कोई भी जानकारी मिलना पोस्टमार्टम से संभव नहीं है। प्रियंका के पैर का ही कुछ हिस्सा बाकी था। इतना पुराना शव होने के कारण शरीर के बाकी अंग नष्ट हो गए। यही कारण है कि कुछ भी जानकारी नहीं मिली।

ऐसे में प्रियंका की मौत की कहानी उलझ गई है। पुलिस को न तो प्रियंका की मौत का सही समय पता चला है और न ही कारण स्पष्ट हुआ है। सारी जांच अब प्रियंका के पिता उदय भानु के बयान पर आकर टिक गई है। यही कारण है कि पुलिस अब किसी मनोचिकित्सक से उदय भानु की काउंसलिंग कराएगी ताकि घटनाक्रम स्पष्ट हो सके। पुलिस जानना चाहती है कि उदयभानु की मानसिक स्थिति कैसी है। इसके बाद ही पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ाएगी।

प्रियंका का मोबाइल खोलेगा वारदात का राज?

मेरठ। पुलिस को लगता है कि प्रियंका की मौत का राज उसके मोबाइल की जांच के बाद खुल सकता है। प्रियंका का मोबाइल उसके पिता उदय भानु के पास बताया गया है और इसे बरामद करने के लिए मेरठ पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो जिस धर्मशाला में उदय भानु रुके थे, वहीं सामान में प्रिंयका का मोबाइल रखा हुआ है। इस मोबाइल फोन की जांच के बाद कुछ बातों से पर्दा उठ सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ये कोई मारने लायक है? हत्या से पहले पत्नी की सेल्फी संग स्टेटस,जांच में नया मोड़

फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस प्रियंका का मोबाइल बरामद करने और वहां स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर है। प्रियंका के मोबाइल की जांच के लिए इसे फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने इस पूरे मामले में मनोचिकित्सक से भी उदय भानु की स्थिति को लेकर जांच कराई गई है और रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो उदय की हालत भी सामान्य नहीं है। ऐसे में केस को लेकर कानूनी राय भी ली जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुहागरात पर दुल्हन की शर्त: पति से मांगे 90 लाख, न देने पर संबंध बनाने से इनकार

एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार प्रियंका के शरीर का ज्यादातर हिस्सा नष्ट हो चुका था। डॉक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद कुछ भी ज्ञात करना संभव नहीं हुआ। फिलहाल एक टीम को उदय भानु के साथ हरिद्वार भेजा गया है और प्रियंका का मोबाइल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।