देखो! ये कोई मारने लायक है, हत्या से पहले पत्नी की सेल्फी संग डाला स्टेटस, पुलिस जांच में नया मोड़
संभल एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने से पहले इंस्टाग्राम पर एक विवादास्पद स्टेटस लगाया, जिसने पुलिस जांच की दिशा बदल दी है। आरोपी दुर्गेश ने पत्नी ज्योति के साथ फोटो डालकर लिखा था, ये कोई मारने लायक है? जिससे पुलिस इसे सोची-समझी साजिश मान रही है।

रजपुरा (संभल )। पत्नी की हत्या के आरोपी दुर्गेश की सनक का एक और हैरान करने वाला पहलू सामने आया है। वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा स्टेटस लगाया था, जो अब पुलिस के की जांच में नया मोड़ ला दिया है। शुरुआत में जिस विवाद को महज 'खाना देरी से बनने' का नतीजा माना जा रहा था, सोशल मीडिया पर लगा यह स्टेटस उसे गहरी साजिश की ओर मोड़ रहा है। इस पोस्ट को देखकर पुलिस और स्थानीय लोगों का मानना है कि आरोपी के दिमाग में हत्या की योजना पहले से ही चल रही थी।
पुलिस जांच में पता चला है कि दुर्गेश 'डीके दक्ष' के नाम से इंस्टाग्राम आईडी चलाता है। उसने अपनी पत्नी ज्योति के साथ ली गई एक सेल्फी पोस्ट की थी। इस फोटो के साथ उसने बैकग्राउंड में एक गाना लगाया और कैप्शन में लिखा था। भाई पता नहीं लोग इन्हें कैसे मार लेते हैं, देखिए ये कोई मारने लायक है?
गांव सिंघौली कल्लू के ग्रामीणों के अनुसार, दुर्गेश और ज्योति के बीच पिछले काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। पुलिस अब इस इंस्टाग्राम पोस्ट और उसकी टाइमिंग को अपनी केस फाइल का हिस्सा बना रही है, ताकि यह साबित किया जा सके कि हत्या अचानक उपजे गुस्से में नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी।
हत्या के बाद खून से सने कपड़े धोए, फिर नहाकर पहुंचा थाने
वारदात के बाद पति दुर्गेश कुमार ने खून से सने कपड़े धोए, नहाकर कपड़े बदले और खुद ही थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दे दी। आरोपी की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि दुर्गेश कुमार का अपनी पत्नी ज्योति से अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। ज्योति ने फोन कर अपनी मां शकुंतला को घटना की जानकारी दी थी। रविवार सुबह दुर्गेश ने अपनी सास शकुंतला को फोन किया और करीब आठ मिनट तक बात की।बातचीत के दौरान उसने धमकी दी कि या तो ज्योति को अपने साथ ले जाओ, नहीं तो वह उसकी हत्या कर देगा।
इस पर सास ने बेटी को लेने के लिए उसकी बुआ सीता रानी, भाई भूपेंद्र और अन्य परिजनों को भेज दिया। परिजन रास्ते में सहसवान के पास ही पहुंचे थे कि तभी पुलिस का फोन आ गया। पुलिस ने उन्हें ज्योति की हत्या किए जाने की सूचना दी। यह खबर सुनते ही मायके पक्ष के लोगों के होश उड़ गए और परिवार में कोहराम मच गया। उधर सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पत्नी की हत्या के बाद बोला, काम नहीं करती थी, इसलिए मार दिया
संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के सिंघौली कल्लू गांव में हुए ज्योति हत्याकांड ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी पति दुर्गेश कुमार का जो रवैया सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर करने वाले दुर्गेश को पुलिस ने तत्काल हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया। लेकिन जब पुलिसकर्मियों ने उससे घटना के बारे में पूछताछ की, तो उसके चेहरे पर न तो कोई डर था और न ही अपने किए का कोई पछतावा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बेहद ठंडे लहजे में कहा कि उसकी पत्नी ज्योति घर के कामों में लापरवाही करती थी। वह रात में देर से सोती थी और सुबह देर से उठती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।




साइन इन