meerut congress leader chanchal kumar arrested girlfriend murder archita arora acid attack face burn युवती की होटल बुलाकर हत्या, तेजाब से चेहरा जलाकर शव फेंका, फिर भी ऐसे पकड़ाया कांग्रेस नेता, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

युवती की होटल बुलाकर हत्या, तेजाब से चेहरा जलाकर शव फेंका, फिर भी ऐसे पकड़ाया कांग्रेस नेता

मेरठ में कांग्रेस नेता चंचल कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली की युवती अर्चिता अरोड़ा की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को तेजाब से जलाकर शव मवाना के पास फेंक दिया गया। बचने का सब उपाय फेल हो गया।

Fri, 27 Feb 2026 09:16 AMYogesh Yadav मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
युवती की होटल बुलाकर हत्या, तेजाब से चेहरा जलाकर शव फेंका, फिर भी ऐसे पकड़ाया कांग्रेस नेता

मेरठ में कांग्रेस नेता ने साथियों के साथ मिलकर परतापुर स्थित अपने ही होटल में दिल्ली से गर्लफ्रेंड को बुलाकर 17 फरवरी को हत्या कर दी। कत्ल के बाद लाश को कार की डिग्गी में डालकर मवाना खुर्द चौकी के पास मेरठ-बिजनौर हाइवे पर खेत में फेंक दिया। पहचान छिपाने को युवती का चेहरा तेजाब से जला दिया। बचने के लिए हर जतन किए लेकिन विफल रहा। 21 फरवरी को लाश पुलिस को मिली। इसके बाद जांच शुरू की गई। मवाना पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान कर कांग्रेस नेता समेत चार आरोपियों की गिरफ्तारी की है।

चंडीगढ़ निवासी अर्चिता अरोड़ा दिल्ली के साउथ एक्स सेकेंड फ्लोर-1811 कोटला मुबारिकपुर लोधी रोड पर रह रही थी। अर्चिता का परिचय मेरठ के कथित कांग्रेस नेता चंचल कुमार निवासी न्यूदेवपुरी कॉलोनी रेलवे रोड से था। पुलिस की मानें तो अर्चिता कांग्रेस नेता चंचल की कथित गर्लफ्रेंड थी। चंचल अपने दोस्त संदीप निवासी प्रभातनगर के साथ मिलकर परतापुर में अविका होटल का संचालन कर रहा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पिता की हत्या, शव के टुकड़े; बेटे की करतूत में करीबी की एंट्री,कॉल पर बदला इरादा

चंचल ने 16 फरवरी को परतापुर के होटल अविका में अर्चिता अरोड़ा को बुलाया था। अर्चिता अरोड़ा का संदीप और चंचल से कुछ रकम देने को लेकर 17 फरवरी की रात को विवाद हो गया। आरोपियों ने अर्चिता से मारपीट कर दी। अर्चिता ने रेप के मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। इसके बाद चंचल और संदीप ने मिलकर कंबल से अर्चिता का मुंह दबाकर हत्या कर दी। गार्ड गुरमुख और कर्मचारी विवेक निवासी मलियाना के साथ मिलकर लाश को क्रेटा कार की डिग्गी में डाल लिया।

45 किमी कार की डिग्गी में लाश लेकर घूमते रहे

आरोपी कार में लाश लेकर मेरठ से होते हुए मवाना रोड निकल गए। कहीं चेकिंग नहीं हुई। आरोपी मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास पहुंचे और लाश को खेत में फेंक दिया। पहचान मिटाने के लिए चेहरा तेजाब से जला दिया। 21 फरवरी की शाम को लाश मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद छानबीन शुरू की गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:20 बड़े शहर जाम से होंगे मुक्त: DGP का एक्शन प्लान तैयार, अफसरों को यह निर्देश

टोल समेत 500 कैमरे खंगाले, तब मिले आरोपी

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया पुलिस ने मेरठ-मवाना के बीच हाइवे पर टोल प्लाजा समेत 500 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। संदिग्ध क्रेटा को चिन्हित किया गया, जो रात के समय चौकी के पास आई थी। कार को ट्रेस करते हुए चार आरोपी पकड़े गए। मृतका की पहचान की। बताया कि आरोपियों ने अपने होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को डिलीट कर दिया है। पुलिस ने डीवीआर को कब्जे में लेकर फुटेज रिकवरी के लिए फोरेंसिक लैब भेजा है। आरोपियों ने होटलों में इस्तेमाल होने वाले फ्लोर क्लीनर से अर्चिता का चेहरा जलाया था। पुलिस ने इस केमिकल की बोतल भी बरामद कर ली है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रेमिका का एंगल, 'ससुर' का फोन; शंकराचार्य के वकील को धमकी देने वाला पकड़ाया

इनकी हुई गिरफ्तारी

1. गुरमुख उर्फ अरविंद निवासी बिनौली बागपत

2. संदीप उर्फ सिट्टू निवासी प्रभातनगर सिविल लाइन मेरठ

3. चंचल उर्फ बंटी निवासी न्यूदेवपुरी रेलवे रोड मेरठ

4. विवेक उर्फ काका निवासी मलियाना

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।