medical student resident aiims gorakhpur leaving mall harassed racially abused एम्स की डॉक्टर का डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर बैड टच, नस्लीय टिप्पणी भी की, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एम्स की डॉक्टर का डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर बैड टच, नस्लीय टिप्पणी भी की

पीड़ित रेजिडेंट डॉक्टर के अनुसार वह अपने एक मित्र के साथ 22 फरवरी को मोहद्दीपुर स्थित एक मॉल में गई थीं। रात करीब आठ बजे वहां से निकल रही थीं, तभी तीन युवकों ने उन्हें घूरना शुरू किया। उन्होंने नस्लीय टिप्पणी करते हुए अपशब्द कहे। तीनों युवक मॉल से उनका पीछा करते हुए एम्स गेट नंबर दो तक पहुंच गए। 

Tue, 24 Feb 2026 07:48 AMAjay Singh शिवम सिंह, गोरखपुर
share
एम्स की डॉक्टर का डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर बैड टच, नस्लीय टिप्पणी भी की

साउथ दिल्ली के मालवीय नगर में किराए के फ्लैट में एसी लगवाने के दौरान हुए विवाद में अरुणाचल प्रदेश की एक प्रतियोगी छात्रा और उसकी दो सहेलियों पर नस्लीय टिप्पणी के आरोपों का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब यूपी के गोरखपुर शहर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मोहद्दीपुर से एम्स गेट नंबर दो तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर दुर्व्यवहार और बैड टच करने का मामला सामने आ गया है। डॉक्टर पर नस्लीय टिप्पणी करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। उत्तर पूर्वी क्षेत्र के एक राज्य की रहने वाली डॉक्टर एम्स में परास्नातक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने देवरिया के रहने वाले तीनों आरोपी छात्रों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। डीडीयू के छात्र तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

एम्स गोरखपुर में परास्नातक तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहीं रेजिडेंट डॉक्टर के अनुसार वह अपने एक मित्र के साथ 22 फरवरी को मोहद्दीपुर स्थित एक मॉल में गई थीं। रात करीब आठ बजे वहां से निकल रही थीं, तभी तीन युवकों ने उन्हें घूरना शुरू किया और हंसी-ठिठोली शुरू कर दी। नस्लीय टिप्पणी करते हुए अपशब्द कहे। पीड़िता के अनुसार तीनों युवक मॉल से उनका पीछा करते हुए एम्स गेट नंबर दो तक पहुंच गए। रास्तेभर गाली-गलौज करते रहे। आरोप है कि गेट के पास एक युवक ने अपनी शर्ट उतारकर अशोभनीय हरकत की और बैड टच भी किया। हत्या की धमकी दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हाथ से बिरयानी खाने पर ममदानी पर US सांसद का तंज, यह सभ्यता नहीं; छिड़ा विवाद

सीसीटीवी कैमरे से पकड़े गए दोनों आरोपी छात्र

एम्स की रेजिडेंट डॉक्टर का पीछा करने, बैड टच और नस्लीय टिप्पणी का मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पीड़िता से संपर्क किया। डॉक्टर ने लिखित रूप से खुद के साथ हुई घटना साझा की। पीड़िता की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर दो को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपितों की पहचान देवरिया कोतवाली क्षेत्र के उमा नगर निवासी सूरज गुप्ता और रामनाथ उत्तरी निवासी अमृत विश्वकर्मा के रूप में हुई है। दोनों देवरिया के किसी कॉलेज में पढ़ते हैं। देवरिया का ही रहने वाला इनका तीसरा साथी डीडीयू में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। वह यहां किराये पर कमरा लेकर रहता है। इसी से मिलने दोनों गोरखपुर आए थे। घटना की रात तीनों एक साथ निकले थे।

नाफोर्ड ने सीएम दफ्तर को किया टैग

रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन नाफोर्ड ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग किया है। मामले को गंभीर नस्लीय उत्पीड़न और यौन हमले की संज्ञा दी। पोस्ट में कहा गया कि पूर्वोत्तर से होने के कारण डॉक्टर को रूढ़िवादी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। इससे उन्हें गहरा सदमा और अपमान महसूस हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में SIR अभियान तेज, 50 प्रतिशत से अधिक नोटिस की सुनवाई पूरी

नस्लीय टिप्पणी पर भी बढ़ाई जाएगी धारा

गोरखपुर। नागालैंड की महिला रेजिडेंट डॉक्टर से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार से डॉक्टरों ने सराहना की है। आरोपियों ने महिला डॉक्टर पर नस्लीय टिप्पणी भी की थी। इस आधार पर पुलिस अब तीनों आरोपितों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है। संबंधित धाराएं जोड़ने के लिए विधिक राय ली जा रही है। उधर,पीड़िता ने भी गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त कर ली है और पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है।

क्या बोले एसएसपी

गोरखपुर के एसएसपी डॉ.कौस्तुभ ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने के साथ ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके तीसरे साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।