इकलौते MLA उमाशंकर के बचाव में आईं मायावती, आईटी रेड को क्यों मानवता के खिलाफ बताया?
यूपी में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर बुधवार को इनकम टैक्स ने छापेमारी की। इस छापेमारी के बाद मायावती बसपा के इकलौते विधायक के बचाव में आई हैं। उन्होंने विधायक की बिमारी का हवाला देकर इस आईटी रेड को मानवता के खिलाफ बताया है।

बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के यहां इनकम टैक्स की छापेमारी के प्रकरण पार्टी सुप्रीमो मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई हैं। बसपा के इकलौके विधायक उमाशंकर के बचाव में मायावती ने ऐक्स पर पोस्ट किया है। मायावती ने विधायक उमाशंकर के अति-गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए कहा कि इस दौरान कार्रवाई की गयी है वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के ख़िलाफ है।
मायावती ने अपने पोस्ट में लिखा कि विधायक उमाशंकर सिंह जबसे बीएसपी में आये हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी निभाई है और आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी ग़लत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है। मायावती ने आगे कहा कि हालांकि पिछले लगभग दो वर्षों से वे काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहें हैं, ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके सम्बन्ध में कोई शिकायत मिली थी तो वे इनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इनके ठीक हो जाने के उपरान्त इनसे पूछताछ कर सकते थे। हम कोई इस विभाग के कार्य में दख़ल नहीं दे रहें, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गयी है वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के ख़िलाफ है।
योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप ने भी उठाए सवाल
मायावती से पहले बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के यहां बुधवार को शुरू हुई आयकर विभाग की छापे के बाद योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह कार्रवाई के विरोध में खुलकर उतर आए हैं। दिनेश प्रताप असल में उमाशंकर सिंह के समधी हैं। सोशल मीडिया पर किए तीखे पोस्ट में उन्होंने उमाशंकर सिंह की बीमारी की हवाला देते हुए इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि कौन संवेदनहीन राजनेता या संस्था हो सकती है, जो ऐसी परिस्थितियों में भी पीड़ा देने की सोच सकता है। दिनेश प्रताप ने लिखा है कि उमाशंकर सिंह विधायक रसड़ा बलिया जिनके घर में मेरी बेटी व्याही है, के घर में बुधवार को आयकर विभाग द्वारा रेड की जा रही है। देश-प्रदेश के राजनेता आयकर सहित सभी संस्थाओं को पता है कि उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में उमाशंकर सिंह के लिए धनार्जन नहीं सांसे बचाने में ही सारा समय और धन व्यय हो रहा है।
बसपा विधायक के लखनऊ समेत चार ठिकानों पर आयकर की छापेमारी
आपको बता दें कि बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ समेत तीन जिलों में स्थित उनके आवास और कार्यालयों पर छापेमारी चल रही है। सूत्रों के अनुसार पांच टीमें पुलिस बल के साथ दस्तावेजों की जांच कर रही है।आयकर की टीमों ने लखनऊ के गोमती नगर विकल्पखंड स्थित उनके आवास पर छापेमारी की है। रिजर्व पुलिस लाइन से आयकर के दिल्ली मुख्यालय, मुरादाबाद और लखनऊ से पहुंची टीमों ने पुलिस फोर्स के साथ सर्च शुरू किया। लखनऊ के अलावा बलिया, सोनभद्र और वाराणसी में भी उनसे संबंधित छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई विधायक की एक पुरानी फर्म छात्र शक्ति इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन से संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद की गई है।




साइन इन