mausam update rain in up hailstorm western disturbance cold winds temperature of agra lucknow varanasi kanpur meerut UP Weather: बारिश-ओलों के बाद बदला यूपी का मौसम, आज आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: बारिश-ओलों के बाद बदला यूपी का मौसम, आज आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ

  • आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की तैयारी में है। आज रात से यह उत्‍तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके 48 घंटों के बाद तेज उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं चलने की संभावना है। वहीं शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। पूर्वांचल में एकाएक बारिश और ओले गिरने से सिहरन पैदा हो गई।

Sun, 2 March 2025 07:38 AMAjay Singh हिन्दुस्तान, संवाददाता, लखनऊ/ मेरठ/कानपुर/वाराणसी
share
UP Weather: बारिश-ओलों के बाद बदला यूपी का मौसम, आज आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ

UP Weather Update: यूपी में मौसम का उलटफेर लगातार जारी है। मार्च महीने के पहले दिन शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। पूर्वांचल में एकाएक बारिश और ओले गिरने से सिहरन पैदा हो गई। वहीं आज यानी रविवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की तैयारी में है। आज रात से यह उत्‍तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके 48 घंटों के बाद तेज उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं चलने की संभावना है। वहीं मौसम मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आज लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मेरठ, आगरा, प्रयागराज, मथुरा, गाजियाबाद, नोएडा और झांसी सहित कई अन्‍य जिलों में मौसम साफ रहेगा। अगले पांच दिन यानी सात मार्च तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।

शनिवार को आजमगढ़ और बलिया में तड़के झमाझम बारिश हुई। मऊ और गाजीपुर में काफी देर तक बूंदाबादी होती रही। आजमगढ़ और गाजीपुर के कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे हैं। उधर, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र में दिन भर तेज ठंडी हवा चली। पूर्वांचल में पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। लोग गर्मी का एहसास करने लगे थे। इसी बीच शनिवार की सुबह आजमगढ़ में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। हालांकि 20 मिनट बाद ही बारिश थम गई लेकिन शाम तक तेज हवा चलती रही। सरायमीर और रानी की सराय इलाके में ओले पड़े। बलिया में भी सुबह तेज गरज के साथ आधे घंटे तक बारिश हुई। आकाश में अब भी बादल छाए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फर्जी IAS ने कंपनी के अधिकारी की पत्‍नी के कपड़े फाड़े, कार में गंदी हरकत

उधर, गाजीपुर में हल्की बूंदाबादी के बीच दुल्लहपुर क्षेत्र में ओले गिरे। दिनभर बादलों की आवाजाही बरकरार रही। मऊ में कई हिस्सों में लगभग एक घंटे तक हल्की बारिश हुई। मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र में भी बादलों का डेरा है। दिन भर तेज ठंडी हवा चली। इधर, वाराणसी, चंदौली और जौनपुर में सुबह हल्के बादल थे। कुछ देर बाद आसमान साफ हो गया। दिन में तेज धूप थी। कुछ इलाकों में गेहूं की फसल गिरी है लेकिन नुकसान की संभावना नहीं है।पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम ने करवट बदली है। हिमाचल और उत्तराखंड में हुई बारिश का भी असर माना जा रहा है।

सीजन की सबसे गर्म रात, फिर चलेंगी सर्द हवाएं

शनिवार की रात कानपुर में सीजन की सबसे गर्म रात रही। पारा 18 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 05.2 डिग्री अधिक है। पूर्वी ईरान और पूर्वी पाकिस्तान की ओर से आया पश्चिमी विक्षोभ बेहद सशक्त साबित हुआ। लेकिन, शनिवार को यह शांत हो गया। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश में कमी आई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ ही जिलों में बूंदाबांदी हुई। देर रात कानपुर में भी बूंदाबांदी हुई। घने बादलों के कारण रात का तापमान चढ़ गया।

हल्की बदली का असर दिन के तापमान पर पड़ा। दिन का पारा 30.2 से घटकर 28 डिग्री सेल्सियस आ गया। यह सामान्य 01.2 डिग्री अधिक है। लेकिन, रात का पारा बादलों के कारण तेजी से चढ़ गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के अनुसार रात का पारा 18 डिग्री और एयरफोर्स वेदर स्टेशन के अनुसार 19 डिग्री रहा। दो मार्च को आने वाले नए विक्षोभ के कारण तापमान में वृद्धि हुई है जो रविवार तक बनी रहेगी। लेकिन 03 और 04 मार्च को उत्तर पश्चिमी तेज हवाएं फिर से चलना शुरू होंगी। यह हवाएं सर्द होंगी। सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो गया है। इससे तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:माह-ए-रमजान का आगाज, जानें यूपी के प्रमुख शहरों में सहरी और इफ्तार का वक्‍त

वहीं 73 साल में फरवरी की अंतिम रात लखनऊ-वाराणसी में सबसे गर्म रही। 1952 से अब तक यह चौथी रात है जब पारा इतना अधिक रहा। हमीरपुर में अब तक की सबसे गर्म रात रही। लखनऊ में बीती रात 19.4 डिग्री गर्म रही, जो सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक रहा। वाराणसी का पारा 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

आगरा में सर्द हवाओं से बढ़ी सुबह-शाम की ठंड

ताजनगरी आगरा में अंधड़, वज्रपात और बारिश के अलर्ट के बीच तेज रफ्तार हवाएं चलीं। इससे तापमान में और गिरावट आई है। सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। रविवार को भी बादल छाए रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को तेज रफ्तार अंधड़ के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया था। साथ ही वज्रपात की आशंका भी जताई थी। दिल्ली-एनसीआर के साथ इसका असर मथुरा और कासगंज में देखा गया। वहां बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। 20 मिनट तक बारिश हुई। ओलावृष्टि से सरसों और गेंहू की फसल को नुकसान हुआ है। जबकि आगरा में शुक्रवार से ही सर्द तेज हवाएं चल रही हैं। शनिवार को भी सुबह से सर्द हवाएं चलीं। इससे तापमान में कमी आई है। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक होकर 16.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 94 रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:होली बाद टीम योगी में शामिल होंगे नए चेहरे, सरकार से संगठन तक बदलाव की तैयारी

7 मार्च तक 32 डिग्री पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बादल छाए रहेंगे। इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। सात मार्च तक दिन का तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि होली के पहले दिन का पारा 35 डिग्री या इसके आसपास तक हो सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:महाकुंभ के बाद योगी सरकार का नया अभियान, अब लुम्बिनी की तर्ज पर कुशीनगर का विकास

वेस्‍ट यूपी में आज से मौसम साफ होगा, बढ़ेगा तापमान

मेरठ सहित वेस्ट यूपी में शनिवार को सुबह के समय एक बार फिर से तेज हवाओं के साथ बारिश ने दस्तक दी। शुक्रवार देर रात से ही हल्की बारिश शुरु हो गई थी। सुबह के समय अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। दोपहर बाद धूप निकली और तापमान में वृद्धि हुई। आज कुछ हिस्सों में छिटपुट बौछारें गिर सकती हैं, लेकिन अधिकांश हिस्सों में आज से मौसम साफ हो जाएगा। तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। रात का तापमान अभी सामान्य से ऊपर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह तक मेरठ में 6.9 डिग्री मिमी बारिश हुई। सर्दी के सीजन की यह सबसे अच्छी बारिश रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मेरठ में दिन-रात का तापमान क्रमश: 24.8 एवं 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 0.2 एवं 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। शुक्रवार के सापेक्ष दिन में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई जबकि रात में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।