mathura dwarkadhish temple open during chandra grahan banke bihari temple timing holi update news चंद्र ग्रहण के दौरान भी खुला रहेगा मथुरा का द्वारकाधीश मंदिर, बांके बिहारी के पट 11.30 घंटे बंद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

चंद्र ग्रहण के दौरान भी खुला रहेगा मथुरा का द्वारकाधीश मंदिर, बांके बिहारी के पट 11.30 घंटे बंद

3 मार्च को चंद्र ग्रहण के साये में ब्रज की होली मनाई जाएगी। मथुरा का द्वारकाधीश मंदिर ग्रहण के दौरान (दोपहर 3:20 से शाम 6:50) भी दर्शनों के लिए खुला रहेगा। वहीं, बांके बिहारी मंदिर के पट सुबह 8:30 बजे से रात 8 बजे तक बंद रहेंगे। 

Tue, 3 March 2026 07:00 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, मथुरा, हिन्दुस्तान संवाद
share
चंद्र ग्रहण के दौरान भी खुला रहेगा मथुरा का द्वारकाधीश मंदिर, बांके बिहारी के पट 11.30 घंटे बंद

Mathura News: ब्रज की विश्वप्रसिद्ध होली के उल्लास के बीच इस वर्ष फाल्गुन पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण का साया पड़ रहा है। इस खगोलीय घटना के चलते कान्हा की नगरी मथुरा के प्रमुख मंदिरों की दर्शन व्यवस्था और पूजन पद्धति में बड़े बदलाव किए गए हैं। जहाँ पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के सुप्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर ने ग्रहण काल के दौरान भी अपने पट निरंतर खुले रखने का निर्णय लिया है, वहीं ठाकुर बांके बिहारी मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और शास्त्रीय मान्यताओं को देखते हुए नई समय सारिणी जारी की है। करीब साढ़े ग्यारह घंटे मंदिर के पट बंद रहेंगे।

द्वारकाधीश मंदिर: ग्रहण काल में भी राजाधिराज के दर्शन

ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने बताया कि बल्लभ संप्रदाय के तृतीय पीठाधीश्वर कांकरौली नरेश गोस्वामी डॉ. वागीश कुमार महाराज के आदेशानुसार, मंदिर में होली महोत्सव के कार्यक्रम सुचारू रूप से चलेंगे। सोमवार को भी मंदिर में भक्तों ने राजाधिराज के साथ जमकर अबीर-गुलाल और टेसू के फूलों के रंगों की होली खेली। मंगलवार को प्रात: 6 बजे मंदिर में होलिका दहन का विशेष पूजन संपन्न होगा।

इसके पश्चात, प्रात: 10 से 11 बजे तक फाल्गुनी उत्तरा नक्षत्र में डोल महोत्सव की धूम रहेगी। मंदिर प्रशासन के अनुसार, दोपहर 3:20 से सायं 6:50 बजे तक चंद्र ग्रहण के दौरान भी ठाकुर जी के दर्शन निरंतर खुले रहेंगे। आम तौर पर ग्रहण में मंदिर बंद रहते हैं, लेकिन पुष्टिमार्गीय परंपरा के तहत यहाँ भक्तों को दर्शन का लाभ मिलता रहेगा। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक चौथी झांकी के विशेष दर्शन होंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अयोध्या का श्रीराम मंदिर सुबह से शाम तक, काशी विश्वनाथ पौने तीन घंटे बंद रहेगा

बांके बिहारी मंदिर: दर्शनों का नया शेड्यूल

ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने बताया कि चंद्र ग्रहण के कारण मंगलवार को ठाकुर जी के पट खुलने और बंद होने के समय में आंशिक बदलाव किया गया है।

राजभोग सेवा (सुबह का समय):

मंदिर में सेवायतों का प्रवेश प्रातः 05:15 बजे होगा। दर्शन सुबह 06:15 बजे खुलेंगे और शृंगार आरती 06:25 बजे होगी। राजभोग आरती सुबह 08:25 बजे शुरू होकर 08:30 बजे पर्दा बंद होने के साथ संपन्न हो जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वाराणसी-प्रयाग के साथ अयोध्या-मथुरा में भी दौड़ेगी मेट्रो, विस्तार का रोडमैप पेश
ये भी पढ़ें:राम मंदिर से अयोध्या की अर्थव्यवस्था में नई गति, जबरदस्त उछाल, IIM की स्टडी

शयनभोग सेवा (शाम का समय):

शाम की सेवा के लिए मंदिर रात 08:00 बजे खुलेगा। शयन आरती रात 09:55 बजे प्रारंभ होगी और रात्रि 10:00 बजे पर्दा बंद कर दिया जाएगा। 10:30 बजे तक सेवायत मंदिर परिसर से बाहर आ जाएंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से इन समयों को ध्यान में रखकर ही दर्शन हेतु आने की अपील की है ताकि भीड़ और असुविधा से बचा जा सके।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।