Along with Varanasi-Prayagraj metro will also run in Ayodhya-Mathura; the expansion roadmap has been presented वाराणसी-प्रयागराज के साथ अयोध्या-मथुरा में भी दौड़ेगी मेट्रो, पेश हुआ विस्तार का रोडमैप, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

वाराणसी-प्रयागराज के साथ अयोध्या-मथुरा में भी दौड़ेगी मेट्रो, पेश हुआ विस्तार का रोडमैप

यूपी में वाराणसी-प्रयागराज के साथ ही अयोध्या और मथुरा में भी मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। इसका रोडमैप तैयार हो चुका है। गणतंत्र दिवस पर इस रोडमैप को यूपी मेट्रो की तरफ से साझा किया गया। 

Tue, 27 Jan 2026 08:17 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
वाराणसी-प्रयागराज के साथ अयोध्या-मथुरा में भी दौड़ेगी मेट्रो, पेश हुआ विस्तार का रोडमैप

उत्तर प्रदेश की राजधानी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने 'विकसित उत्तर प्रदेश' के अपने विजन को साझा करते हुए प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। अब वाराणसी और प्रयागराज के साथ-साथ अयोध्या और मथुरा जैसे पवित्र नगरों में भी मेट्रो चलाने की तैयारी है।यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने प्रशासनिक कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद ‘विकसित उत्तर प्रदेश फॉर विकसित भारत @2047’ का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रदेश के भीतर कुल 1575 किमी मेट्रो विस्तार का लक्ष्य रखा गया है।

महानगरों का विस्तार

उन्होंने बताया कि मेट्रो का लखनऊ में 225 किमी, कानपुर में 200 किमी और आगरा में 100 किमी के नेटवर्क में और विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक व पर्यटन केंद्र में मेट्रो के कॉरिडोर बनेंगे। वाराणसी, प्रयागराज और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 150-150 किमी के कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या, मथुरा, झांसी और मेरठ समेत 9 अन्य शहरों में 50-50 किमी मेट्रो नेटवर्क का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शंकराचार्य और UGC पर इस्तीफा देने वाले PCS अलंकार अग्निहोत्री निलंबित, जांच भी

यूपी में कहां-कहां दौड़ रही मेट्रो

यूपी में फिलहाल लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा और गाजियाबाद में मेट्रो का संचालन हो रहा है। लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया नॉर्थ से साउथ कॉरिडोर तक मेट्रो का संचालन होता है। अब चारबाग से वसंत कुंज ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के विस्तार पर काम चल रहा है।

कानपुर में आईआईटी कानपुर से मोतीझील प्रायोरिटी कॉरिडोर के बीच यात्री सफर कर रहे हैं। यहां सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता और अन्य कॉरिडोर का काम 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। आगरा मेट्रो में ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मंदिर के बीच मेट्रो चल रही है। मार्च 2026 तक आईएसबीटी (ISBT) तक सेवा शुरू होने की उम्मीद है। दूसरे कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार का काम तेजी से चल रहा है।

इसके साथ ही नोएडा में दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन गुजरती है। ग्रेटर नोएडा में नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) की 'एक्वा लाइन' सेक्टर-51 से डिपो स्टेशन (ग्रेटर नोएडा) के बीच चलती है। गाजियाबाद में दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन और ब्लू लाइन यहां के विभिन्न इलाकों जैसे वैशाली, कौशाम्बी, शहीद स्थल को जोड़ती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।