शादीशुदा साहिबा बानो ने खुशी तिवारी बनकर जबलपुर के युवक किया शादी का नाटक; संपत्ति की वारिस बनने के बाद कर दी हत्या
साहिबा बानो ने इंद्रकुमार तिवारी को जाल में फंसाने के लिए अपना नाम बदल कर खुशी तिवारी कर लिया। यही नहीं उसने अपने पति कौशल को अपना भाई बनाकर जबलपुर भेजा। कौशल की बातों से इंद्रकुमार तिवारी शादी के झांसे में आ गया। इंद्रकुमार गोरखपुर आ गया। यहां खुशी बन चुकी साहिबा ने उससे शादी रचाने का नाटक किया।

गोरखपुर की साहिबा बानो सोशल मीडिया पर जान-पहचान के बाद पहले देवरिया के कौशल कुमार से प्रेम विवाह किया। इस बीच उसे सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए मध्य प्रदेश के जबलपुर के एक ऐसे व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली जिसकी शादी नहीं हो रही थी, इस वीडियो में उसकी 18 एकड़ जमीन का जिक्र भी था। संपत्ति के लालच में साहिबा ने उसे जाल में फंसाने के लिए अपना नाम बदल कर खुशी तिवारी कर लिया। अपने पति कौशल को अपना भाई बनाकर उसे जबलपुर भेजा। जबलपुर का इंद्रकुमार तिवारी शादी के झांसे में आ गया। इसके बाद इंद्रकुमार 3 जून को गोरखपुर आया जहां खुशी बन चुकी साहिबा ने उससे शादी रचाने का नाटक किया। संपत्ति का वारिस बनने का हलफनामा बनवाने के बाद उसे नशीली गोलियां देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद कत्ल कर साहिबा बानों ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लाश को कुशीनगर के हाटा क्षेत्र में फेंक दिया।
हाटा क्षेत्र में 6 जून को मिली थी लाश
हाटा कोतवाली के सुकरौली नगर पंचायत के बुद्धनगर स्थित मझना नाला के किनारे पिछले 6 जून दिन शुक्रवार को दोपहर तीन बजे एक 35 वर्षीय युवक का शव मझना नाले के किनारे झाड़ियों में फेंका मिला था। युवक के गर्दन पर दो चाकू घोंपा गया था। मौके पर दोनों चाकू गर्दन में धसें हुए मौजूद थे। पुलिस ने युवक के शव की पहचान कराने का काफी प्रयास किया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने युवक के शव का फोटो सेंट्रल पोर्टल पर अपलोड किया था। उधर, इन्द्र कुमार तिवारी पुत्र स्व. रामदयाल तिवारी निवासी पड़वार (खितौला) थाना मझौली जनपद जबलपुर, मध्यप्रदेश की गुमशुदगी संबंधित थाने में दर्ज थी। इसके कारण सेंट्रल पोर्टल से उसकी पहचान हुई। हाटा कोतवाली, स्वाट टीम व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने हत्या की घटना का खुलासा करते हुए घटना में शामिल एक महिला अभियुक्ता समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पति-पत्नी ने भाई-बहन बन युवक को बनाया निशाना
कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्ता साहिबा बानो उर्फ खुशी तिवारी ने बताया कि उसका असली नाम साहिबा बानो पुत्री अनवर अली है। उसने यह घटना को अंजाम देने के लिए अपना धर्म व पहचान बदलकर खुशी तिवारी नाम का फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया था। उसके साथ घटना में दो अन्य लोग कौशल कुमार व समसुद्दीन अंसारी शामिल रहे। कौशल से सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ दिन पहले सम्पर्क हुआ था। उसके साथ प्रेम विवाह करके दोनों गोरखपुर में रहने लगे। एक दिन सोशल मीडिया पर इन्द्र कुमार तिवारी (45 वर्ष) का वायरल वीडियो देखा, जिसमें वह शादी न होने की व्यथा बता रहा था और अपनी 18 एकड़ जमीन का जिक्र किया था। साहिबा बानो ने कौशल कुमार के साथ मिलकर योजना बनाई कि इन्द्र कुमार तिवारी से फर्जी शादी कर उसकी संपत्ति हड़प ली जाए। योजना के मुताबिक कौशल कुमार ने इन्द्र कुमार तिवारी से मिलने जबलपुर मध्यप्रदेश गया। जहां पर उसने साहिबा बानो को खुशी तिवारी के रुप में अपनी बहन बताकर शादी का प्रस्ताव रखा तथा कौशल स्वयं पति से भाई संदीप बन गया। इसके बाद साहिबा बानो उर्फ खुशी तिवारी ने इन्द्र कुमार तिवारी से कुछ दिनों तक फोन पर बातचीत किया और इन्द्र कुमार तिवारी को शादी करने के लिए गोरखपुर को बुलाया।
कुशीनगर के होटल के कमरे में रूक कर किया सिंदूरदान
एसपी ने बताया कि साहिबा बानो उर्फ खुशी तिवारी के बुलाने पर कौशल कुमार ने इन्द्र कुमार तिवारी को अपने साथ 03 जून को साहिबा बानो के कमरे पर लेकर पहुंचा, जिसके बाद साहिबा बानो, इन्द्र कुमार तिवारी व कौशल कुमार एक साथ कमरे पर रहने लगे। एक योजना के तहत साहिबा बानो व कौशल कुमार ने इन्द्र कुमार तिवारी से एक हल्फनामा बनावा गया कि इन्द्र तिवारी के मृत्यु के बाद साहिबा बानो उर्फ खुशी तिवारी व संदीप सम्पत्ति के वारिस होंगे। इसके बाद साहिबा बानो व कौशल ने समसुद्दीन की मदद से हत्या की साजिश रची। दोनों बीते पांच जून को इन्द्र कुमार तिवारी को अपने साथ लेकर कसया कुशीनगर स्थित आइडियल होटल लेकर पहुंचे। इसके बाद शादी का झूठा नाटक करते हुए होटल के कमरे में मांग में सिंदूर लगवा कर झूठी शादी कर ली। अभियुक्तों ने इन्द्र कुमार तिवारी को पनीर राइस में नींद की गोलियां मिलाकर दे दी, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद योजना के तहत तीनों अभियुक्तों ने इन्द्र कुमार तिवारी को गाड़ी से घटना स्थल सुकरौली ले गये, फिर तीनों अभियुक्तों ने अचेत अवस्था में ही इन्द्र कुमार तिवारी की चाकू से वारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया और दो लाख रुपये की ज्वेलरी व रुपये लेकर फरार हो गये।
जेवरात समेत अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने अभियुक्ता साहिबा बानो उर्फ खुशी पुत्री अनवर अली निवासी मीठाबेल थाना झगहां जनपद गोरखपुर, उसका पति कौशल कुमार गोंड निवासी सांडा थाना गौरी बाजार जनपद देवरिया (हाल मुकाम गोरखपुर) व समसुद्दीन अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी निवासी कोना सोनबरसा थाना झगहां जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल, मृतक का आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, मृतक के नाम से जमीन की खसरा खतौनी, मृतक द्वारा शादी के लिए लाये गये जेवरात व घटना में प्रयुक्त कार को बरामद किया है।
क्या बोली पुलिस
कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि हाटा कोतवाली के मझना नाले के समीप मिले शव को शिनाख्त कर हत्या में शामिल पति-पति समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पति-पत्नी ने संपत्ति हड़पने के लिए भाई-बहन बनकर जवलपुर के युवक को झांसे में लेकर शादी का नाटक कर हत्या की थी। लोगों को अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक स्थल व सोशल मीडिया पर देने से बचना चाहिए।




साइन इन