Marriage broken character was questioned hurt young woman committed suicide शादी तुड़वाई, चरित्र पर सवाल उठाए; आहत होकर युवती ने फंदा लगाकर दी जान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शादी तुड़वाई, चरित्र पर सवाल उठाए; आहत होकर युवती ने फंदा लगाकर दी जान

अलीगढ़ में एक युवती ने घर के कमरे में खूंटी से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार उसका रिश्ता एक लड़के से तय हो गया था। लेकिन, गांव के ही एक युवक ने वहां फोन करके युवती के चरित्र पर सवाल उठाए। इसके चलते उसका रिश्ता टूट गया। इसी से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। 

Sun, 16 Nov 2025 10:57 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, अलीगढ़
share
शादी तुड़वाई, चरित्र पर सवाल उठाए; आहत होकर युवती ने फंदा लगाकर दी जान

यूपी के अलीगढ़ जिले के बरला क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को युवती ने घर के कमरे में लोहे की खूंटी से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार उसका रिश्ता कासगंज के एक लड़के से तय हो गया था। लेकिन, गांव के ही एक युवक ने वहां फोन करके युवती के चरित्र पर सवाल उठाए। इसके चलते उसका रिश्ता टूट गया। इसी से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बरला क्षेत्र के एक गांव निवासी मजदूरी के तीन बेटी व दो बेटे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की 22 वर्षीय बेटी पढ़ी लिखी नहीं थी। आरोप है कि गांव के ही पशु व्यापारी इकरार ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, उसने युवती को परेशान करना बंद नहीं किया। युवती इसका विरोध करती थी, मगर वह लगातार फोन करके ब्लैकमेल करता था। उस पर दबाव बनाता था कि मुझसे शादी कर ले। इसी बीच दो अगस्त को परिजनों ने युवती की शादी कासगंज के सोरों क्षेत्र के गांव निवासी युवक से तय कर दी। गोद भराई भी हो गई थी। इसकी भनक लगने पर आरोपी इकरार ने लड़के को फोन कर दिया। कहा कि उसका युवती से कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वहीं उससे शादी करेगा। उसके चरित्र पर भी सवाल उठाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बच्ची को उठाकर ले जाने वाले भेड़िए को शूटर ने मार गिराया, अब तक 4 आदमखोर ढेर

इससे आहत युवती ने शनिवार को अपने घर के कमरे में गार्डर के खूंटे से फंदा लगा लिया। घटना के समय उसके पिता घर पर नहीं थे। वह घर लौटकर आए तो बेटी फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। बरला थाना के प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पिता की तहरीर पर गांव के इकरार व उसके दोस्त अरमान के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।