बच्ची को उठाकर ले जाने वाले भेड़िए को शूटर ने मार गिराया, अब तक 4 आदमखोर ढेर
बहराइच में तीन दिन पहले एक बच्ची को उठाकर ले जाने वाले भेड़िए को शूटर ने शनिवार शाम मार गिराया। वहीं, डेढ महीने के भीतर यह चौथा भेड़िया है। जिसे मार गिराया गया है। वन विभाग कहना है कि गुरुवार को घर के बाहर धूप में खेल रही बच्ची को भेड़िया उठाकर ले गया था।

यूपी के बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र में लोधनपुरवा गांव से तीन दिन पहले एक बच्ची को उठाकर ले जाने वाले भेड़िए को वन विभाग के शूटर ने शनिवार शाम मार गिराया। विभागीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वन विभाग के सूत्रों का कहना है कि गुरुवार सुबह घर के बाहर धूप में खेल रही चार वर्षीय बच्ची जाह्नवी को भेड़िया उठाकर ले गया था। करीब एक किलोमीटर दूर नदी के पास भेड़िए के पद चिह्न मिले थे। वन विभाग की टीम ड्रोन एवं शूटर तथा विशेषज्ञों के साथ उसकी तलाश में लगी हुई थी।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राम सिंह यादव के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे कैसरगंज ब्लॉक के लोधनपुरवा में तलाश अभियान के दौरान एक भेड़िया दिखाई दिया। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर उसे पकड़ने की कोशिश की गयी। इस बीच वन विभाग के शूटर ने गोली चला दी, गोली लगने से भेड़िए की मौत हो गयी। मृत वन्यजीव का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अब तक आठ लोगों की जान ले चुके हैं भेड़िए
कैसरगंज एवं महसी तहसील के गांवों में 9 सितंबर से शुरू हुए भेड़ियों के हमले में छः बच्चों एवं एक बुजुर्ग दम्पत्ति समेत आठ लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 31 लोग घायल हुए हैं।हमलों के बाद 27 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पहुंचकर हवाई सर्वेक्षण कर भेड़िए को सुरक्षित पकड़ने और पकड़े ना जाने पर उसे गोली मारने के निर्देश दिए थे। ताजा घटना गुरुवार की है। जब जाह्नवी घर के सामने अपने खेल में व्यस्त थी और उसकी मां नीतू और ताई के सामने ही आदमखोर भेड़िया बच्ची को उठाकर भाग गया था। बता दें कि 28 सितंबर से अभी तक तीन भेड़िए मारे जा चुके थे, वहीं, शनिवार को चौथा भेड़िया मारा गया है।




साइन इन