man dragged on car bonnet for one kilometer in lucknow dies after being crushed बोनट पर गिरे युवक को टांगकर एक किलोमीटर दौड़ाई कार, गिरने पर कुचल कर भागे, मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बोनट पर गिरे युवक को टांगकर एक किलोमीटर दौड़ाई कार, गिरने पर कुचल कर भागे, मौत

लखनऊ के कृष्णानगर में वैगनआर कार ने ठेला दुकानदार विमल पाल को टक्कर मार दी। विमल जान बचाने के लिए एक किमी तक बोनट पर लटके रहे, लेकिन चालक ने उन्हें कुचल दिया। अस्पताल में विमल की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।

Fri, 20 Feb 2026 06:09 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
बोनट पर गिरे युवक को टांगकर एक किलोमीटर दौड़ाई कार, गिरने पर कुचल कर भागे, मौत

लखनऊ के कृष्णानगर में मानवता को शर्मसार करने और दबंगई की एक और घटना सामने आई है, जिसने रोंगटे खड़े कर दिए। यहां एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक युवक को टक्कर मारी और फिर उसे बोनट पर लादकर करीब एक किलोमीटर तक दौड़ाया। अंत में जब युवक सड़क पर गिरा, तो बेरहम चालक उसे कुचलते हुए फरार हो गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में युवक की मौत हो गई।

घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की है। मूल रूप से बदायूं के निजामपुर निवासी विमल पाल (35) लखनऊ के बरिगवां में किराए पर रहकर एलडीए कॉलोनी स्थित पराग डेयरी के पास लाई-चना का ठेला लगाते थे। रात के समय जब वे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी कानपुर रोड पर पीछे से आई एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विमल उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को बचाने के लिए विमल ने कार के वाइपर को मजबूती से पकड़ लिया। वे चीखते रहे, गुहार लगाते रहे, लेकिन कार सवार का दिल नहीं पसीजा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रधानमंत्री के मेरठ दौरे को लेकर अलर्ट, दिल्ली-दून हाईवे पर भी नहीं चलेंगे वाहन

एक किलोमीटर तक 'मौत की दौड़'

कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। विमल बोनट पर लटके रहे और चालक उन्हें पराग चौराहे से लेकर लॉ कॉलेज तक करीब एक किलोमीटर तक इसी तरह घसीटता रहा। सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों ने शोर मचाया, कार को रुकवाने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।

लॉ कॉलेज के पास अचानक कार अनियंत्रित हुई और झटके के कारण विमल का हाथ वाइपर से छूट गया। जैसे ही वे सड़क पर गिरे, कार सवार उन्हें अपनी गाड़ी के पहियों तले कुचलते हुए मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विमल को लोकबंधु अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जज के सामने महिला ने निकाला चाकू, कोर्ट रूम में ही अधिवक्ता को धमकी से खलबली
ये भी पढ़ें:यूपी में एक जैसे दो हादसे, मथुरा और औरैया में कारें नहर में गिरीं, सात की मौत

सीसीटीवी से कातिल की तलाश

विमल के परिवार में पत्नी ममता और दो छोटे बच्चे (बेटा ऋषभ और बेटी खुशी) हैं। परिवार का इकलौता सहारा छिन जाने से घर में कोहराम मचा है। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि मृतक के भाई अजीत पाल की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि उस वैगनआर कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। यह घटना राजधानी की सड़क सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं पर गहरे सवाल खड़े करती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।