मैं ठाकुर हूं...बोल वायरल हुईं आस्था सिंह थाने पहुंची, ऋतु त्रिपाठी ने यूं दिया जवाब
आस्था सिंह और ऋतु त्रिपाठी के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी ब्राह्मण-ठाकुर की रार थमने का नाम नहीं ले रही है। आस्था सिंह ने बुधवार को कचहरी पहुंचकर अपने वकील से मुलाकात की। इसके बाद ऋतु और उनके परिवार के खिलाफ प्रार्थना पत्र लिखकर सीधे पनकी थाने पहुंचीं।

यूपी के कानपुर के पनकी की निजी बैंक शाखा की बैंककर्मी आस्था सिंह और ऋतु त्रिपाठी के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी ब्राह्मण-ठाकुर की रार थमने का नाम नहीं ले रही है। आस्था सिंह ने बुधवार को कचहरी पहुंचकर अपने वकील से मुलाकात की। इसके बाद ऋतु और उनके परिवार के खिलाफ प्रार्थना पत्र लिखकर सीधे पनकी थाने पहुंचीं। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पनकी इंस्पेक्टर को प्रार्थना पत्र दिया। वहीं, ऋतु और उनके पति ऋषि ने आईजीआरएस के जरिये आस्था सिंह के खिलाफ शिकायत की है।
अब पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। बता दें सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आस्था सिंह बैंक के अंदर ऋतु के पति से झगड़ती नजर आईं थीं। ‘ठाकुर हूं मैं... मुझसे बकैती न करना’ कहते हुए अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया था। इसके बाद ऋतु ने वीडियो वायरल कर अपना पक्ष रखा और कहा था कि ‘वह ठाकुर हैं तो मुझे भी ब्राह्मण होने का गर्व’ है।
सोशल मीडिया पर दोनों को मिल रहीं हैं धमकियां
सोशल मीडिया पर आस्था और ऋतु की जुबानी जंग में कई संगठन और जातिगत विचारधारा के लोग भी कूद गए हैं। दोनों को धमकियां मिल रही हैं। ऋतु के पति ऋषि बताते हैं कि सोशल मीडिया पर उन्हें कई संगठनों के लोग धमकी भरे मैसेज कर रहे हैं। कोई उनका सिर कलम करने की बात तो कोई पूरे परिवार को उड़ा देने की धमकी दे रहा है। वहीं आस्था बताती है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनका मान-मर्दन करने में जुटे हैं। रेप तक करने की उन्हें धमकी दी जा रही है।
दोनों पक्ष करेंगे मानहानि का दावा
आस्था सिंह अपने पिता के साथ कानपुर कचहरी पहुंचकर अपने वकील से मिलीं। यहां उन्होंने वकील से ऋतु और उनके परिवार के खिलाफ मानहानि का दावा भेजने की नोटिस तैयार करने की बात कही है। वहीं ऋतु भी आस्था सिंह के खिलाफ मानहानि का दावा करने की तैयारी में हैं।
क्या बोलीं आस्था सिंह
आस्था सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर मेरा मान-मर्दन हो रहा है, लोग मेरा रेप करने तक की धमकी दे रहे हैं। ऋतु ने मेरे चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं। अब यह लड़ाई बैंक से ऊपर होकर मेरी निजी हो गई है। मैं ऋतु और उनके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ-साथ मानहानि का दावा भी करूंगी।
ऋतु त्रिपाठी ने भी लगाया आरोप
वहीं ऋतु त्रिपाठी ने कहा कि मुझे और मेरे परिवार को सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रहीं हैं। कोई मेरे पति का सिर कलम करने की बात, तो कोई पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। हमने आईजीआरएस के जरिये अपनी शिकायत की है। अब हम आस्था सिंह के खिलाफ मानहानि का दावा भी करेंगे।
पुलिस कर रही जांच
वहीं इंस्पेक्टर पनकी मनोज सिंह भदौरिया ने कहा कि ऋतु की ओर से आईजीआरएस में शिकायत की गई है, जबकि आस्था ने खुद थाने आकर प्रार्थना पत्र दिया है। दोनों प्रार्थना पत्रों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को एक बार आमने-सामने बैठाकर बात करवाने का भी प्रयास किया जा रहा है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन