लखनऊ में भीषण आग, 1000 से अधिक झोपड़ियां जलीं, विस्फोटों से दहला इलाका
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भीषण आग की घटना सामने आई है। 1000 से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। गैस सिलेंडर और बस्ती में खड़ी बाइकों के फ्यूल टैंक में ताबड़तोड़ विस्फोट होने से इलाका दहल गया। आग पूरी बस्ती में फैल गई।

UP News: लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में भीषण आग लग गई है। विकासनगर में विनायकपुरम झुग्गी बस्ती में बुधवार शाम करीब चार बजे आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गैस सिलेंडर और बस्ती में खड़ी बाइकों के फ्यूल टैंक में ताबड़तोड़ विस्फोट होने से इलाका दहल गया। आग पूरी बस्ती में फैल गई। अग्निकांड में करीब 1000 से अधिक झुग्गी बस्ती जल गई भगदड़ मच गई। कई लोगों के बच्चे फंस गए। वह चीख-पुकार कर रहे थे। इस बीच पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने लोगों को बाहर निकाला तो वह बच्चों के फंसे होने का हवाला देकर भिड़ गए। कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में सिविल डिफेंस के पोस्ट वार्डन ऋषि श्रीवास्तव का सिर फट गया। कई अन्य लोग घायल हो गए।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पुलिस महानिदेशक अग्निशमन सुजीत पांडेय, पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर और डीएम विशाख जी पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराकर। कुछ दूर पर स्थित मिनी स्टेडियम में भेज दिया। अग्निकांड में करीब 1000 से अधिक झुग्गी बस्ती जल गई। देर रात तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में लगे रहे। बस्ती में रहने वाले विशाल गौतम इटौंजा के कुंवरपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बस्ती में अधिकतर लोग सीतापुर के महमूदाबाद, लखीमपुरखीरी, बहराइच और पड़ोसी जनपदों के रहने वाले हैं। वह करीब 25-30 साल से यहां रह रहे हैं।
शाम करीब चार बजे देशी शराब ठेके के बगल में बनी कैंटीन से आग की एकाएक लपटें उठीं। आग की लपटें विकराल हो उठी। उनके साथ ही पड़ोसी धर्मेंद्र, बबलू, विमलेश, राम स्वरूप, मंत्री, मो. आसिफ कुरैशी, रहमान, सुनीता और करन की झोपड़ियां चपेट में आने से जलने लगीं। लोगों ने पानी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। आग की चपेट में आने से झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडर ताबड़तोड़ धमाकों के साथ फटने लगे। आग बेकाबू हो गई। दमकल और पुलिस को सूचना दी गई। पूरी बस्ती जल रही थी। करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल और पुलिस पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया। रेस्क्यू के लिए राज्य आपदा मोचन बल भी पहुंच गई। पुलिस ने आनन फानन लोगों को बस्ती के बाहर कर दिया।
पुलिस ने रोका तो भीड़ उग्र हो गई
रहमान ने बताया कि उनके चार बच्चे अंदर ही फंसे हैं। वहीं, एक महिला ने कहा कि उसके दो बच्चे फंसे हैं। लोग अंदर जाने की जिद कर रहे थे। पुलिस ने रोका तो लोग उग्र हो गए। उन्होंने पथराव कर दिया। पथराव में बस्ती के लोगों के साथ ही पुलिस और सिविल डिफेंस के कर्मी समेत आठ से 10 लोग घायल हो गए। देर रात तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाते रहें। लोगों ने बताया कि 1000 से अधिक झोपड़ियां बस्ती में थी। उनकी गृहस्थी उसमें रखा सामान, नकदी सब जल गई। कई लोगों के तो बच्चों की शादी थी। उनका दहेज और शादी का अन्य सामान सब जल गया। लोगों ने बताया कि उनके यहां पले मुर्गे, बकरियां, कुत्ते समेत करीब 50 मवेशी जल गए। कई लोग गृहस्थी निकालने में झुलस भी गए।
लखनऊ में आग की घटना पर योगी लिया संज्ञान
भीषण आग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी संसाधनों का पूरा उपयोग करने और स्थिति पर लगातार नजर रखने के भी निर्देश दिए हैं।




साइन इन