यूपी के इस एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर नहीं रुकना होगा, वाहनों की स्पीड भी निर्धारित
यूपी में बन रहे एक्सप्रेसवे पर लगातार सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। इसी के तहत लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसव पर अब टोल प्लाजा पर भी नहीं रुकना होगा। प्लाजा से पहले ही टोल कट जाएगा।

UP News: एक्सप्रेसवे प्रदेश बन चुके उत्तर प्रदेश में गाड़ी चलाने का अनुभव लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में अब बिना टाल प्लाजा पर रुके भी सफर पूरा करने का आनंद मिलने वाला है। ऐसी व्यवस्था हो रही है ताकि टोल टैक्स के लिए भी वाहन चालकों को रुकना न पड़े। जी हां, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (एनई-6) पर वाहन चालकों को टोल के लिए प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा। टोल प्लाजा पर पहुंचने से पहले ही उनके वाहन का नंबर स्कैन कर लिया जाएगा और फास्टैग को रीड करते हुए टोल टैक्स काट लिया जाएगा। ऐसे में टोल से चंद मीटर पहले ही वाहन के पहुंचते ही बैरियर खुल जाएगा और बिना रुके चालक टोल पार कर जाएगा। प्रदेश में यह पहला एक्सप्रेस वे होगा, जहां वाहन चालक टोल प्लाजा पर बिना रुके अपना पूरा सफर तय करेंगे। यह सब होगा एक्सप्रेस वे पर लगे अत्याधुनिक सिस्टम से।
वाहनों को रीड करेगा कैमरा : लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर एलिवेटेड और ग्रीन फील्ड रोड पर कार, जीप और एसयूवी की अधिकतम गति 120 किमी और कॉमर्शियल वाहनों की 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। माना जा रहा है कि वाहन इस गति से निकलेंगे ही। ऐसे में आगे पड़ने वाले ऑटामैटिक टोल पर टोल कटने में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए एलीवेटेड रोड पर ही एएनपीआर कैमरे लगा दिए गए हैं।
120 की गति पता नहीं चलती
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सड़क को बनाने समय उच्च तकनीकि का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इस पर चल रहा वाहन जब 120 की गति पकड़ता है तो न तो वह कंपन करता है और न ही ड्राइवर को वाहन नियंत्रित करने में कोई परेशानी होती है। एक्सप्रेसवे पर टेस्ट ड्राइविंग के दौरान एसयूवी जब 150 की स्पीड पर पहुंची तब भी वाहन बिना कंपन के चला। 60 और 80 की स्पीड में ऐसा लगता है कि वाहन काफी धीमी गति से चल रहा है।
शोर रोकने के लिए नई तकनीक
इस एक्सप्रेसवे के किनारे रहने वाले लोगों तक वाहनों और हार्न का शोर रोकने के लिए भी नई तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड के दोनों तरफ आधुनिक ध्वनि रोधक बैरियर लगाए जा रहे हैं। यह बैरियर करीब दस फीट ऊंचे हैं। एल्युमिनियम और स्टील फ्रेम से बने यह बैरियर विशेष तरीके के हैं। इनके बीच में विशेष प्रकार का फाइबर भरा गया है। जब वाहनों का शोर या हार्न की आवाज इन बैरियर से टकराएंगी तो यह फाइबर शोर को अपने अंदर सोख लेगा। यह आवाजें दूसरी तरफ घनी आबादी में नहीं पहुंच पाएंगी।




साइन इन