थाना पहुंच कर भ्रष्टाचार पर भड़के BJP विधायक, फिर दरोगा-सिपाही पर ऐक्शन
यूपी के लखनऊ में बीकेटी से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने महिंगवा थाने के दरोगा धीरेंद्र राय और एक सिपाही पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। थाना पहुंच कर भ्रष्टाचार पर विधायक भड़के तो ऐक्शन हुआ है।

यूपी के लखनऊ में बीकेटी से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने महिंगवा थाने के दरोगा धीरेंद्र राय और एक सिपाही पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। गुरुवार शाम वह समर्थकों के साथ थाने पहुंचे थे। विधायक ने कहा कि कार्यकर्ता व हनुमंतपुर के प्रधान के भतीजे की बाइक के कागज पूरे होने पर दरोगा ने सीज कर दी। उगाही के चक्कर में एक हफ्ते तक उसके कागज कोर्ट नहीं भेजे। पीड़ित थाने के चक्कर लगा रहा। एक कार्यकर्ता का मोबाइल पुलिस ने रिकवर करने के बाद उससे दो हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। विधायक ने समर्थकों के साथ धरना दिया और कार्रवाई न होने तक थाने से न जाने की बात कही। मामले की जानकारी पर डीसीपी उत्तरी ने दरोगा और सिपाही को लाइन हाजिर कर जांच एसीपी बीकेटी को सौंपी।
विधायक योगेश शुक्ला गुरुवार शाम महिंगवा थाने पहुंचे। साथ में समथर्क भी थे। समर्थक पुलिस कर्मियों पर वसूली का आरोप लगा रहे थे। विधायक ने थाने में बैठे पुलिस कर्मियों से दरोगा धीरेंद्र राय और सिपाही व कंप्यूटर आपरेटर पप्पू कुशवाहा के बारे में जानकारी ली। उच्चाधिकारियों को फोन किया और पुलिस कर्मियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा कर दरोगा और सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग की। विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
चोरी का मोबाइल वापस देने के लिए मांगे 2 हजार
मीडियाकर्मियों से विधायक ने कहा कि हनुमंतपुर के प्रधान शंकर लाल सिंह चौहान का भतीजा अजय बीते दिनों बाइक लेकर जा रहा था। दरोगा धीरेंद्र राय ने उसकी बाइक सीज कर दी। जबकि उसके पास पूरे कागज भी थे। इसके बाद एक हफ्ता होने को है पर कागज कोर्ट नहीं भेजा गया। पीड़ित थाने के चक्कर लगा रहा है। वह उससे वसूली करना चाहते हैं। विधायक ने बताया कि पहाड़पुर के रहने वाले गनेश का मोबाइल चोरी हो गया था। उसने 11 नवंबर को आनलाइन शिकायत की। 17 को मोबाइल मिला। थाने से फोन गया कि मोबाइल मिल गया है ले जाओ आकर। पीड़ित थाने पहुंचा तो उससे दो हजार रुपये मांगे गए। पीड़ित ने फोन किया तो इस पर इंस्पेक्टर से बात की। इंस्पेक्टर ने मामले में कंप्यूटर आपरेटर के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा था। इसके बाद भी की नहीं। विधायक ने कहा कि जबतक दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हो जाती वह यहां से नहीं जाएंगे।
पूरे मामले की जांच एसीपी बीकेटी को सौंपी
विधायक और समर्थकों का थाने पर धरने की जानकारी पर डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने उनसे फोन पर बात की। तत्काल दरोगा धीरेंद्र राय और कंप्यूटर आपरेटर पप्पू कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया। डीसीपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच एसीपी बीकेटी को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर दरोगा और सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
फोन पर बात की तो दरोगा ने कहा टारगेट पूरा करने को किया चालान
विधायक योगेश शुक्ला ने बताया कि दरोगा धीरेंद्र राय ने जब अजय की बाइक का चालान किया तो उसने फोन कर उन्हें जानकारी दी। जानकारी होने पर दरोगा से फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि सर चालान का टारगेट मिला था। उसे पूरा करना था। सामने अजय आ गए तो इनकी गाड़ी का चालान कर दिया।




साइन इन