lover who was insisting on taking his girlfriend with him was killed by her family members प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद पड़ी भारी, घरवालों ने आशिक को मौत के घाट उतारा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद पड़ी भारी, घरवालों ने आशिक को मौत के घाट उतारा

फतेहपुर में प्रेमिका से मिलने आए इटावा के एक प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव रोड के किनारे पड़ा मिला। जानकारी के मुताबिक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। युवती के रिश्तेदारों ने उसकी हत्या कर दी।

Wed, 21 Jan 2026 11:23 AMPawan Kumar Sharma संवाददाता, फतेहपुर
share
प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद पड़ी भारी, घरवालों ने आशिक को मौत के घाट उतारा

यूपी के फतेहपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां प्रेमिका से मिलने आए इटावा के एक प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव हरसिंहपुर रोड के किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। युवती के रिश्तेदारों ने उसे मारा है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने वारदात कबूल कर ली है।

इटावा जिले के तानपुरा क्षेत्र के चौबिया निवासी 27 वर्षीय सौरभ यादव की मुलाकात कुछ दिन पहले इटावा में ही नौकरी कर रहे फतेहपुर जिले के हरसिंहपुर गांव निवासी एक युवक से हुई। सौरभ का युवक के कमरे पर आना-जाना था। इस दौरान उसकी मुलाकात युवक की साली से हुई। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया। युवती के जीजा समेत परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो विरोध किया और युवती को गांव भेज दिया। सौरभ युवती से मिलने उसके गांव पहुंच गया। इसका पता लगते ही युवक ने साली को अपने गांव हरसिंहपुर भिजवा दिया।

सौरभ सोमवार को हरसिंहपुर भी पहुंच गया। युवक की पत्नी ने फोन कर इसकी सूचना दी। युवक ने यह बात अपने ससुर को बताई। ससुर-दामाद अपने साथियों के गांव पहुंचे और सौरभ की पिटाई कर उसे भगा दिया। शाम को फिर सौरभ दिखा तो उसे पकड़कर गांव के बाहर ले गए और धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया और शव को गांव किनारे रोड के पास फेंक दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामला दर्ज कर खुलासा किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति का ससुराल में तांडव; पत्नी, सास-ससुर और साले पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

युवती को साथ ले जाने की जिद पर अड़ गया था युवक

प्रेम प्रसंग के विरोध में इटावा के सौरभ यादव का बेरहमी से कत्ल हो गया। सौरभ युवती को साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था। जिसके बाद युवती के पिता ने अपने दामाद और अन्य साथियों के साथ मिलकर सौरभ की धारदार हथियार से वार कर हत्या की थी। हरसिंहपुर गांव में रोड किनारे मंगलवार सुबह सौरभ का शव पड़ा था। उसके चेहरे और सिर में धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ सोमवार को हरसिंहपुर गांव आया था। युवती के घर पहुंचने पर बवाल हुआ था। युवती के जीजा, पिता और अन्य परिजनों ने सौरभ के साथ मारपीट की। उसको वापस इटावा जाने की बात कह रहे थें। लेकिन वह युवती को साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था। इसी बात पर विवाद हत्या तक पहुंच गया।

पुलिस को नहीं लगी मारपीट की भनक

मलवा थाने की कुंअरपुर पुलिस चौकी घटनास्थल से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर है। ग्रामीण बताते हैं कि सोमवार को पूरा दिन गांव में ड्रामा चलता रहा। हंगामा, मारपीट होती रही लेकिन पुलिस को भनक नहीं लगीं। ग्रामीणों में चर्चा रही कि यदि समय रहते मलवा पुलिस कार्रवाई करती तो हत्या की वारदात रोकी जा सकती थी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।