प्रेमिका के सामने प्रेमी को मार डाला, बागपत में हॉरर किलिंग से हड़कंप, रात में मिलने गया था लड़का
यूपी के बागपत में प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। युवती के चाचाओं ने भतीजी के सामने ही उसके प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद युवक के शव को दूसरी कॉलोनी में फेंक कर चले आए।

Honor killing in Baghpat: यूपी के बागपत में हॉरर किलिंग से हड़कंप मच गया। रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। युवती के चाचाओं ने भतीजी के सामने ही उसके प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। भतीजी चिल्लाती रही लेकिन प्रेमी की हत्या के चाचाओं ने युवती की एक न सुनी। युवक की हत्या के बाद उसका शव रात में ही हाथ-पैर बांधकर एक कालोनी में फेंक दिया। सोमवार की सुबह पुलिस को कॉलोनी में शव पड़े होने की सूचना मिली तो सनसनी फैल गई। आनन-फानन में दल-बल के साथ पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो मामला हॉरर किलिंग का सामने आया। पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि केतीपुरा मोहल्ले के रहने वाले 22 वर्षीय युवक शहजान का मोहल्ला मुगलपुरा निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार की देररात करीब एक बजे शहजान प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। बताया जाता है कि जैसे ही वह प्रेमिका के घर में घुसा, तभी प्रेमिका के चाचा की नजर उस पर पड़ गई। उसने अपने दो अन्य भाइयों को युवक के बारे में बताया। जिसके बाद तीनों चाचा भतीजी के घर पहुंचे। वहां उन्होंने युवक को दबोच लिया और फिर रस्सी से गला घोंटकर युवक की हत्या कर दी। वारदात के समय युवती भी वहीं मौजूद रही। उसने विरोध किया, तो तीनों चाचाओं ने उसकी भी पिटाई की।
हाथ-पैर बांधकर दूसरी कॉलोनी में फेंक दिया शव
पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या करने के बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधे और शव को रेहड़े में रखकर एकता कालोनी में ले गए। वहां खाली पड़े प्लाट में युवक का शव डालकर वे वापस लौट आए। सोमवार की सुबह सफाई करने पहुंची महिला सफाई कर्मी को युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। उसने मोहल्ले के लोगों को शव की जानकारी दी। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे सीओ
कॉलोनी में शव मिलने की सूचना पर सीओ बागपत विजय चौधरी और कोतवाली प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपियों और मृतक की पहचान हुई। पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि काफी समय से युवक उनकी भतीजी से मिल-जुल रहा था। उन्होंने कई बार टोका-टाकी भी की, लेकिन वह नहीं माना। रविवार की रात भी वह भतीजी से मिलने के लिए उसके घर आया था। जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
हरदोई में पिता ने तीन भाइयों संग मिलकर बेटी को मार डाला
वहीं दूसरी ओर हॉरर किलिंग का मामला हरदोई जिले से भी सामने आया है। संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम समदखेड़ा में पिता ने तीन भाइयों और भाभी के साथ मिल अपनी बेटी को पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद हत्या को आत्महत्या बता शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तीन दिन बाद रविवार को थाने पहुंची मां ने किया। अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि समदखेड़ा की रहने वाली मिथिलेशा रविवार को थाने पहुंचीं और अपने पति, उसके तीन भाइयों और जेठानी के खिलाफ तहरीर दे बेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि 18 वर्षीय बेटी सुभी तीन जून की देर रात घर से कहीं चली गई थी। चार जून की भोर वह खुद लौट आई। नशे में धुत पति राम दयाल मारपीट करते हुए उससे पूछताछ कर रहे थे। तभी पति के तीन भाई मुनेश यादव, कल्लू यादव, सुरेश यादव और जेठानी माधुरी देवी भी घर आ गए। इन सभी ने मिलकर बेटी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और तबतक मारा जबतक कि उसने दम नहीं तोड़ दिया।




साइन इन