लव स्टोरी या कुछ और? एक ही गांव के युवक-युवती ने जहर खाकर दी जान
शाहजहांपुर में जहरीला पदार्थ खाने से एक युवक और युवती की मौत हो गई। एक ही दिन में हुई दोनों घटनाओं से गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे। युवती की इसी महीने शादी थी।

UP News: यूपी के शाहजहांपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सिंधौली क्षेत्र के एक गांव में जहरीला पदार्थ खाने से एक युवक और युवती की मौत हो गई। एक ही दिन में हुई दोनों घटनाओं से गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया है।
सिंधौली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले परमेश्वर के 22 वर्षीय बेटे आकाश यादव ने सोमवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां रात करीब 10 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिंधौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी गांव में सोमवार की ही देर शाम एक युवती ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजनों ने युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।
एक ही दिन में युवक और युवती की मौत से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि युवक-युवती एक-दूसरे को जानते थे। युवती की इसी महीने में शादी होने वाली थी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। सिंधौली कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि आकाश यादव की जहरीला पदार्थ खाने से मौत की सूचना मेडिकल कॉलेज से प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस को युवती की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की हालत नाजुक
उधर, अमरोहा के गजरौला क्षेत्र में प्रेमिका से झगड़ा होने पर रविवार को जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना सोमवार की है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का गजरौला क्षेत्र की निवासी युवती से प्रेम संबंध हैं। पुलिस के मुताबिक सोमवार को युवक गजरौला में युवती से मिलने आया था। लेकिन वहां उसका कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद युवक वहां से गजरौला पहुंचा व अपने परिजनों को फोन कर आत्महत्या की बात कही थी। इसके बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर युवक हसनपुर मार्ग पर डिवाइडर पर बेहोश होकर गिर गया था।
पुलिस ने लोगों की मदद से युवक को सीएचसी में भर्ती कराया था। चिकित्सक ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया था। सूचना पर युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही।




साइन इन