Leopard attacks goat herders injures five in Maharajganj जंगल से निकले तेंदुए ने मचाया कहर, बकरी चरा रहे युवकों पर किया हमला, 5 घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जंगल से निकले तेंदुए ने मचाया कहर, बकरी चरा रहे युवकों पर किया हमला, 5 घायल

महराजगंज में मंगलवार उस समय हड़कंप मच गया जब पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने बकरी चराने गए पांच लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सभी पांच ग्रामीण घायल हो गए।

Tue, 25 Nov 2025 05:45 PMPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान टीम, महाराजगंज
share
जंगल से निकले तेंदुए ने मचाया कहर, बकरी चरा रहे युवकों पर किया हमला, 5 घायल

यूपी के महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रिसलपुर भोथहा में मंगलवार दोपहर एक तेंदुए ने खूब कहर बरपाया। जंगल से निकले तेंदुए ने जंगल किनारे बकरी चराने गए पांच लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इनमें से चार घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां से चार की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

ग्राम पंचायत रिसलपुर भोथहा निवासी राहुल साहनी (19) दोपहर के समय गांव के सटे जंगल किनारे बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने पहले बकरी पर झपट्टा मारा। अगले ही पल राहुल को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहुल के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के ही विकास (30), राजकुमार, राजेश और सलमान खान (19) मौके की ओर दौड़े। लेकिन राहुल को बचाने की कोशिश कर रहे इन चारों पर भी तेंदुआ ने हमला कर घायल कर दिया।

हमले में सभी पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर तेंदुए को भगाया और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि सलमान की चोटें हल्की थीं, इसलिए उसे प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। बाकी चार घायलों की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सबसे अधिक कमाई करने वाला स्टेशन बना प्रयागराज, एक साल में की 551 करोड़ की कमाई

पहुंची वन विभाग की टीम

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी रेंजर मोहन सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुट गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता या जंगल में नहीं चला जाता, तब तक लोग जंगल या जंगल से सटे क्षेत्र में न जाएं।

गांव में दहशत, कई दिनों से मिल रहे थे मौजूदगी के संकेत

तेंदुआ निकलने की इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से जानवरों की मौजूदगी के संकेत मिल रहे थे, लेकिन अचानक हुए इस हमले ने भय बढ़ा दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्र में गश्त तेज करने की मांग की है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।