lakhimpur Tiger drags woman from sugarcane field half eaten body found in forest गन्ने के खेत से महिला को खींच ले गया बाघ, रात भर तलाश के बाद जंगल में मिला अधखाया शव, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गन्ने के खेत से महिला को खींच ले गया बाघ, रात भर तलाश के बाद जंगल में मिला अधखाया शव

यूपी के लखीमपुर खीरी के निघासन वन रेंज में शनिवार शाम गन्ने के खेत में गई एक महिला को बाघ खींचकर ले गया था। रात भर चली कांबिंग और तलाश के बाद रविवार सुबह महिला का अधखाया शव जंगल के अंदर से बरामद हुआ।

Sun, 11 Jan 2026 11:35 AMPawan Kumar Sharma संवाददाता, लखीमपुर खीरी
share
गन्ने के खेत से महिला को खींच ले गया बाघ, रात भर तलाश के बाद जंगल में मिला अधखाया शव

यूपी के लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन के निघासन वन रेंज में शनिवार शाम गन्ने के खेत में गई एक महिला को बाघ खींचकर ले गया था। रात भर चली कांबिंग और तलाश के बाद रविवार सुबह महिला का अधखाया शव जंगल के अंदर से बरामद हुआ। महिला का शव मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में पगमार्क आदि की पड़ताल शुरू कर दी। गांव वालों का कहना है कि महिला को खींचकर ले जाने वाला वन्यजीव बाघिन है और उसके साथ दो शावक भी थे।

थाना तिकुनियां क्षेत्र के महाराज नगर गांव की 35 वर्षीय ऊषा देवी व 32 वर्षीय गूंधनी देवी पत्नी छैलबिहारी शनिवार शाम जंगल के करीब गन्ने के खेत में चारा काट रही थी। गूंधनी ने बताया कि इसी दौरान गन्ने में बैठा बाघ निकल आया और उषा देवी को खीच ले गया। बदहवास हालत में भागी गूंधनी देवी ने थोड़ी दूर पर ईंट की पथाई कर रहे लोगों को घटना बताई और बेहोश हो गई। जानकारी के बाद गांव वालों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुचे रेंजर भूपेंद्र सिंह अपने कर्मचारियों व ग्रामीणों के साथ मिलकर गन्ने के खेतों में तलाश में लगे रहे। रात को थर्मल ड्रोन से भी तलाश हुई। लेकिन ऊषा का पता नहीं चला। रविवार सुबह जंगल के अंदर उसका अधखाया शव बरामद हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लड़की पर अचानक कूदा तेंदुआ, चंगुल में लेकर मार डाला; शोर मचाती रह गईं सहेलियां

महराजगंज में जंगली जानवर ने लड़की को बनाया शिकार

उधर, महराजगंज जिले में सोहगीबरवा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की एक जानवर के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोहगीबरवा गांव में गुड्डी चौधरी (14) शुक्रवार दोपहर को जंगल में बकरियां चराने गई थी लेकिन शाम तक उसके घर न लौटने पर परिवार वालों ने जंगल में उसकी तलाश शुरू की।

सोहगीबरवा वन क्षेत्र के रेंजर सुनील राव ने कहा कि गांव वालों ने परिवार वालों के साथ जंगल में खोजबीन की और शनिवार सुबह लड़की का शव जंगल में मिला। जानवर ने लड़की के चेहरे और पीठ समेत शरीर पर हमला किया था। वन विभाग की एक टीम भी मामले की जांच करने और हमला करने वाले जानवर को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची। लेकिन जानवर के पैरों के निशान नहीं मिले। उन्होंने अंदेशा जताया कि यह बाघ या तेंदुए का हमला हो सकता है लेकिन पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।