6 चक्कर काटकर लखनऊ पहुंची पटना की फ्लाइट, 6 मई को भी टर्बुलेंस में फंसी थी इंडिगो की उड़ान
हवा में 6 चक्कर काटकर कोलकाता-पटना की फ्लाइट लखनऊ पहुंची।अनुमति मिलने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यहां उतरने के बाद पायलट और क्रू सदस्यों का ड्यूटी टाइम खत्म हो गया। ऐसे में जब दूसरी इंडिगो की ही फ्लाइट से आगे की शिफ्ट के क्रू सदस्य आए तब विमान ने पटना के लिए उड़ान भरी।

पटना में खराब मौसम के कारण शुक्रवार शाम कोलकाता से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट वहां उतर नहीं सकी। पटना के पास आसमान में छह चक्कर लगाने के बाद पायलट ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यहां उतरने के बाद पायलट और क्रू सदस्यों का ड्यूटी टाइम खत्म हो गया। ऐसे में जब दूसरी इंडिगो की ही फ्लाइट से आगे की शिफ्ट के क्रू सदस्य आए तब विमान ने पटना के लिए उड़ान भरी। इससे पहले 6 मई की भी दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट खराब मौसम की वजह से टर्बुलेंस का शिकार हो गई थी।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6ई-6917 दिन में 2:50 बजे कोलकाता से पटना को रवाना हुई थी। विमान में 180 यात्री, पांच नवजात और 06 क्रू सदस्य सवार थे। पटना पहुंचने पर वहां खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते विमान संचालन प्रभावित हो गया। पायलट ने कई बार विमान को एयरपोर्ट के ऊपर होल्ड कराया, लेकिन मौसम अनुकूल न होने के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद पायलट ने लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क कर लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को शाम करीब 5:15 बजे सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। यह फ्लाइट लखनऊ से शाम 7:18 बजे पटना के लिए वापस रवाना हुई।
6 मई को टर्बुलेंस में फंसी थी पटना-दिल्ली फ्लाइट
दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट खराब मौसम की वजह से टर्बुलेंस का शिकार हो गई थी। यह स्थिति ऐसी होती है जिसमें हवा के भंवर में विमान का संतुलन बिगड़ने लगता है। तेज झटकों के साथ विमान इधर-उधर डोलने लगा तो यात्री दहशत में आ गए। फ्लाइट के कैप्टन पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने इस स्थिति को संभाला और सुरक्षित लखनऊ में उतार लिया। साथ ही कहा कि, अब आप ताली बजा सकते हैं कि सुरक्षित उतर गए। ऐसी स्थिति बहुत कम ही होती है लेकिन संभाल लिया गया। मौसम ठीक होते ही दोबारा उड़ान भरेंगे।घटना बीते बुधवार की है। यह फ्लाइट दिल्ली से शाम 6:50 पर उड़ान भरने के बाद 8:20 बजे पटना उतरती है। लखनऊ डायवर्ट होने की वजह से देर रात यह फ्लाइट पटना पहुंची। एक यात्री ने इस पूरे वाकये की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया साइट एक्स पर 11:50 बजे पोस्ट किया।




साइन इन