3 मासूमों के अपहरण से मचा हड़कंप, तुरंत ऐक्टिव हुई पुलिस; रोती बच्चियों को छोड़ गए किडनैपर
खेत में धान की रोपाई हो रही थी। नहर की सड़क पर सुदामा चौहान की बेटियां आठ साल की जागृति, पांच साल की जिया उर्फ गोलकी चौहान और सात वर्षीय मुस्कान पुत्री पिंटू गुप्ता खेल रही थीं। परिजन सड़क पर पहुंचे बच्चियां गायब थीं। काफी देर तक जब उनका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी।

यूपी के कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के देवकली उर्फ चकिया से मंगलवार की दोपहर बाद एक बाइक सवार ने तीन बच्चियों का अपहरण कर लिया। पुलिस और परिजन तुरंत सक्रिय हो गए। पांच घंटे के अंदर पुलिस ने तीनों बच्चियों को हाटा कोतवाली के भिसवा और रामपुर पौटवा चौराहे के बीच से बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि अपहर्ता बच्चियों के रोने पर रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। एसपी ने आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं।
देवकली उर्फ चकिया गांव के पूरब बड़ी नहर के करीब खेत में धान की रोपाई हो रही थी। नहर की सड़क पर सुदामा चौहान की बेटियां जागृति (8), जिया उर्फ गोलकी चौहान (5) और 7 वर्षीय मुस्कान पुत्री पिंटू गुप्ता खेल रही थीं। जागृति के दादा रामऔतार और दादी रोपाई कर रहे थे। परिजन सड़क पर पहुंचे बच्चियां गायब थीं। काफी देर तक जब उनका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी। डायल 112 और कप्तानगंज पुलिस ने जांच शुरू की। रामऔतार और पिंटू गुप्ता ने कप्तानगंज थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने तीनों बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए कई टीमों का गठन कर दिया। पांच घंटे बाद बच्चियों को बरामद कर लिया गया। सीओ कसया कुंदन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बच्चियों को परिवारीजनों को सौंप दिया।
25 टीमों और एक दर्जन पीआरवी की सक्रियता से बरामद हुईं बच्चियां
कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से तीन बच्चियों के गायब होने की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस की 25 टीमें तथा एक दर्जन पीआरवी की गाड़ियों पर तैनात पुलिस कर्मियों के अलावा आसपास के थानों की पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी। एसपी ने स्वयं मामले की मॉनीटरिंग करते हुये मोर्चा संभाला और बार्डर को सील कराकर सभी थानों के पुलिस कर्मियों से चेकिंग अभियान शुरू करा दिया। पुलिस और रिश्तेदारों की सक्रियता की देन थी कि बाइक सवार अपहरणकर्ता रास्ते में सुनसान स्थान पर तीनों को छोड़ कर फरार हो गया।
देवकली उर्फ चकिया से तीन बच्चियों के गायब होने की सूचना पर एसपी संतोष कुमार मिश्रा के निर्देश पर सीओ कसया कुंदन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने तत्काल गायब बच्चियों का फोटो वायरल कर बच्चियों को देखने पर सीओ कसया, कप्तानगंज थाने के नंबर व मीडिया सेल का नंबर जारी कर सूचना देने की अपील करने लगा। एसपी ने बच्चियों के बरामदगी के लिए एसओजी, स्वाट, सर्विलांस के अलावा कप्तानगंज, अहिरौली, हाटा, रामकोला, खड्डा, कसया आदि समीपवर्ती थानों की पुलिस की 25 टीमों का गठन करने के अलावा पीआरवी की 12 गाड़ियों पर तैनात पुलिस कर्मियों को सभी दिशाओं में लगा दिया। बाइक सवार अपहरणकर्ता ने बच्चियों के चिल्लाने पर हाटा से रधिया देवरिया, भिसवा, बड़हरा, परसौनी होकर अथहरहा जाने वाली सड़क पर भिसवा और रामपुर पौटवा चौराहा के बीच में घटना स्थल से 21 किमी दूर बच्चियों को बाइक से उतार कर फरार हो गया।
क्या बोली पुलिस
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि गायब बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए जिले के चारों तरफ के बार्डर को सील कर दिया गया था। एक साथ सभी थानों में चेकिंग अभियान शुरू किया गया। सीओ के नेतृत्व में पुलिस दर्जनों टीमें सक्रिय रहीं। गायब तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जायेगा। सर्च अभियान जारी है।




साइन इन