UP Rain: यूपी में कहीं भारी तो कहीं होगी बहुत भारी बारिश, 20 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों समेत कुल 20 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम मुख्यालय के अनुसार यूपी के के दक्षिणी भाग में मानसून की सक्रियता से भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार हैं। मंगलवार को चेतावनी आई है कि देशभर में छह से सात दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

UP Weather: यूपी में दोबारा एक्टिव हुए मानसून के बाद जमकर बारिश हो रही है। लोगों के गर्मी से राहत महसूस की है। इस बीच मंगलवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों समेत कुल 20 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम मुख्यालय के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी भाग में मानसून की सक्रियता से भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को चेतावनी दी कि देशभर में छह से सात दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
प्रयागराज, सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, मिर्जापुर, महोबा, ललितपुर, झांसी और आसपास के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, हमीरपुर, जालौन, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, संत रवि दास नगर, चंदौली और फतेहपुर में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, इटावा, औरैया, बिजनौर, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर, झांसी, रायबरेली सहित कई जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान लखीमपुर, वाराबंकी, वाराणसी आदि जिलों में भारी बारिश हुई है।
लखीमपुर में 24 घंटों के दौरान 212 मिमी, बाराबंकी में 165 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, वाराणसी में अकेले सोमवार को ही मौसम की सर्वाधिक 86.8 एमएम बारिश हुई। करीब 32 साल में 27 जून 1993 को 92.4 एमएम बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को हुई बारिश ने एक बार फिर नगर निगम और प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। कुछ घंटों की बारिश ने शहर के कई इलाकों को जलमग्न कर दिया। सड़कों के धंसने, पेड़ों के गिरने और घरों में पानी भरने की घटनाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गंभीर स्थिति जनेश्वर मिश्र पार्क के पास देखी गई, जहां रेलवे लाइन के नीचे बने अंडरपास में इतना पानी भर गया कि करीब चार घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
वाराणसी में जून में औसत से 39 फीसदी अधिक वर्षा रिकॉर्ड
बनारस में इस बार जून में जोरदार बारिश हुई है। अकेले सोमवार को सीजन की सर्वाधिक 86.8 एमएम बारिश हुई। करीब 32 साल में 27 जून 1993 को 92.4 एमएम बारिश हुई थी। अबकी जून में औसत से 39 फीसदी अधिक बारिश हुई। अभी पांच जुलाई तक रुक-रुक बारिश के आसार दिख रहे हैं।
मानसून द्रोणिका इस समय कानपुर, वाराणसी, दीघा (पटना) से गुजर रही है। बंगाल की खाड़ी में भी निम्न दाब बना हुआ है। ये परिस्थितियां बारिश के लिए अनुकूल है। मंगलवार दोपहर लंका, सुंदरपुर, ककरमत्ता, महमूरगंज सहित अन्य इलाके में करीब आधे घंटे झमाझम बारिश हुई है।
जानकार बताते हैं कि जून में औसत बारिश 103.4 एमएम होनी चाहिए लेकिन इस बार 143.9 एमएम बारिश हुई है। यानी औसत से 39 फीसदी अधिक बारिश हुई है। बीएचयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा (भू भौतिकी विभाग) के नोडल अधिकारी प्रो. रविशंकर सिंह और मौसम वैज्ञानिक शिवमंगल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहने की संभावना है। जिससे गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। बनारस में पिछले साल जून में महज 48.8 एमएम बारिश हुई थी। इस बार तीन गुना अधिक अधिक हुई है।
आगरा में पांच दिनों तक जमकर बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक ताजनगरी आगरा में अगले पांच दिनों में बिजली गरजने, तेज हवाओं के साथ हल्की या मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। सोमवार को यहां दिनभर बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट आई। दोपहर तक 63 एमएम और देर रात से मंगलवार तड़के तक 39 एमएम और बारिश रिकार्ड की गई है। यानि बीते 24 घंटों में 102 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि मंगलवार को दिनभर तेज धूप के साथ उमस भी झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी भारी बारिश के संकेत दिए थे। सुबह से दोपहर के बीच ऐसी संभावनाएं दिखाई दीं, लेकिन बारिश नहीं हुई। दोपहर में तेज धूप खिलने के बाद दोबारा गर्मी और उमस हावी हो गई। देर शाम तक कहीं से बारिश की खबर नहीं आई। हालांकि देर शाम क्लाउड कवर रहा।
रात में फिर हुई बारिश
दिनभर बादल रहने के बाद रात को नौ बजे 15 मिनट की बारिश हुई, इसने एमजी रोड पर चल रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। लोग भीग गए। अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम होकर 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 95 दर्ज किया गया।




साइन इन