संतुलित उर्वरक व मिट्टी को स्वस्थ रखने को चलेगा विशेष अभियान
Kanpur News - -अटारी कानपुर ने प्रदेश के सभी कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि संग बनाई रणनीति कानपुर।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता प्रदेश में उर्वरकों के संतुलित उपयोग और मिट्टी को स्वस्थ रखने के लिए आईसीएआर-अटारी कानपुर एक विशेष अभियान चलाने के लिए रणनीति तैयार कर रही है। अटारी कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के निदेशक प्रसार डॉ. एनके बाजपेई, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि अयोध्या के निदेशक प्रसार डॉ. आरबी सिंह, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी और सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि मेरठ के निदेशक प्रसार डॉ. सतेंद्र कुमार के साथ रणनीति बनाई। जिससे राष्ट्रीय स्तर के इस विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग को कम करना है। इसके लिए पूरे प्रदेश में इस अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। किसान मिट्टी की आवश्यकतानुसार ही पोषक तत्वों का प्रयोग करें। वैकल्पिक पोषक स्रोतों के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों को ढैंचा और सनहेम्प जैसी हरी खाद की फसलों का प्रदर्शन किया जाए। जैव उर्वरक के रूप में 'एजोला' उत्पादन इकाइयों की स्थापना और हरी खाद के गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन के लिए प्रक्षेत्र चिह्नित करने पर भी मंथन हुआ। टिकाऊ खेती के लिए केवीके की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन