जूते से मारूंगा कि गंजे हो जाओगे; लेखपाल ने एसडीएम पर लगाया अभद्रता का आरोप
बांदा में चकबंदी लेखपाल ने एसडीएम पर केबिन में बुलाकर थप्पड़ जड़ने का आरोप लगाया है। साथ ही जूते से पीटने की धमकी देकर कहा कि गंजे हो जाओगे। बगल के कमरे में बंधक बनाए रखा। आरोप है कि जबरन आख्या में हस्ताक्षर करवा लिए।

यूपी के बांदा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पथरा गांव के किसान के पक्ष में रिपोर्ट न लगाने पर नरैनी एसडीएम भड़क गए। आरोप है कि चकबंदी लेखपाल को अपने केबिन में बुलाकर थप्पड़ जड़ दिए और जूते से पीटने की धमकी देकर कहा कि गंजे हो जाओगे। बगल के कमरे में बंधक बनाए रखा। आरोप है कि जबरन आख्या में हस्ताक्षर करवा लिए। विरोध में लेखपाल संघ ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। वहीं पूरे मामले में एसडीएम ने कहा कि आख्या न लगाएंगे तो डांट को खाएंगे ही। मारपीट समेत अन्य आरोप बेबुनियाद हैं। इससे पहले एसडीएम व विधायक के वाहनों को पकड़ने के मामले में चर्चा में रहे हैं।
संघ अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह ने ज्ञापन में आरोप लगाकर कहा कि बुधवार को शाम सवा पांच बजे एसडीएम नरैनी अमित शुक्ला ने चकबंदी लेखपाल विकास सिंह को अपने चेंबर में बुलवाया। आरोप लगाया कि एसडीएम ने उनका फोन छीन लिया। ग्राम पथरा के राजेंद्र शुक्ला के भवन निर्माण के संबंध में अपने मन मुताबिक आख्या लगाने को कहा। मना करने पर कुर्सी से उठे और कालर पकड़कर कई थप्पड़ मार दिए। राजेंद्र शुक्ला के पक्ष में आख्या न लगाने पर जूते मारने को कहा । बोले गंजे हो जाओगे। इसके बाद गार्डों को बुलाकर अपने बगल के कक्ष में बैठा लिया।
खुद आख्या बनाकर उसमें हस्ताक्षर करा लिए। मामले की जांच कराकर एसडीएम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। उधर, नरैनी एसडीएम अमित शुक्ला का कहना है कि जांच करने नहीं जाएंगे तो डांट तो खाएंगे। सरकार का पैसा ले रहे हैं काम तो करना पड़ेगा। डांट फटकार लगाई थी। अन्य सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
भाजपा नेता ने की तालाब पाटने की शिकायत
उधर, बाराबंकी के हैदरगढ़ में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम शशांक त्रिपाठी ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। डीएम के पहुंचते ही भाजपा नेता पंकज दीक्षित ने कस्बा में बछरावां मार्ग पर डंफर से मिट्टी ढोकर पाटे जा रहे तालाब की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम राजेश विश्वकर्मा से पूछा कि तालाब कैसे पाटा जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बताया कि तालाब की पटाई का कार्य बंद करा दिया गया है। पटाई करने वालों के विरुद्ध नोटिस जारी की गई है।




साइन इन