Jewar farmers arrive in Lucknow on the inaugural flight noida international airport सपना साकार कर दिया; पहली उड़ान से लखनऊ आए जेवर के किसान, बोले- धन्यवाद योगी जी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सपना साकार कर दिया; पहली उड़ान से लखनऊ आए जेवर के किसान, बोले- धन्यवाद योगी जी

जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान में अपनी जमीन देने वाले किसानों ने लखनऊ की हवाई यात्रा की। किसानों ने इसे जीवन का यादगार पल बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वर्षों पुराना हवाई सफर का सपना पूरा हुआ और विकास का लाभ गांव तक पहुंचा।

Mon, 15 June 2026 04:08 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
सपना साकार कर दिया; पहली उड़ान से लखनऊ आए जेवर के किसान, बोले- धन्यवाद योगी जी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से सोमवार को पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई। यह सिर्फ एक औपचारिक उड़ान नहीं थी, बल्कि उन किसानों के लिए एक भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण भी था, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी। पहली उड़ान में इन्हीं किसानों को यात्री के रूप में शामिल किया गया। जब विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा तो किसानों के चेहरों पर खुशी, गर्व और संतोष साफ दिखाई दे रहा था। अपने गांव से सीधे विमान के जरिए प्रदेश की राजधानी पहुंचना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।

सालों का सपना साकार हो गया- पूनम

यात्रा में शामिल किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हवाई जहाज में सफर करने का उनका वर्षों पुराना सपना अब पूरा हो गया है। जेवर निवासी पूनम ने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए उनकी जमीन अधिग्रहीत की गई थी। उन्होंने कहा कि पहली बार हवाई यात्रा करने का अवसर मिला है और यह उनके जीवन का सबसे यादगार दिन बन गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने किसानों को सम्मान देने का काम किया है।

हवाई चप्पल पहनने वालों को प्लेन में बैठाया- धर्मवीर

किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि उनके गांव में विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हवाई चप्पल पहनने वाले किसानों को हवाई जहाज में बैठाकर सरकार ने यह साबित किया है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का विशेष आभार जताते हुए कहा कि किसानों से किए गए वादे पूरे किए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी को भी ना कह दिया था जेवर के किसानों ने, CM ने सुनाया-कैसे जमीन के लिए मनाया
ये भी पढ़ें:योगी बोले- युद्धस्तर पर चलाएं अभियान; PWD की समीक्षा में DM-कमिश्नर को भी जिम्मा

किसानों की सहमित से जमीन अधिग्रहित की- हाजी जफर

उड़ान में शामिल हिरा रशीद ने कहा कि लखनऊ तक की हवाई यात्रा उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रही। वहीं किसान हाजी जफर ने कहा कि भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों की सहमति ली गई थी और लोगों ने विकास के लिए खुशी-खुशी अपनी जमीन दी। उन्होंने कहा कि आज उसी परियोजना का हिस्सा बनकर विमान में सफर करना गर्व की बात है। किसान इकबाल कल्लू ने कहा कि जिस एयरपोर्ट के लिए उनकी जमीन गई थी, उसी एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरकर राजधानी पहुंचना उनके लिए सम्मान का विषय है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटी तो बेटी है…अखिलेश की बेटी के अपमान पर भड़के योगी; सपा प्रमुख को भी नसीहत

कई सरकारें देखीं, लेकिन ऐसा विकास का ऐसा दौर नहीं देखा- जयवीर

महिला किसान सुमन ने कहा कि वर्षों से हवाई जहाज में बैठने का सपना देख रही थीं, जो अब पूरा हो गया। वहीं मीनू ने बताया कि पहली बार उन्होंने अपने गांव और खेतों को आसमान से देखा, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई सरकारें देखी हैं, लेकिन विकास का ऐसा दौर पहले कभी नहीं देखा। किसानों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, रोजगार और नई संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को इससे बड़े अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।