जल जीवन मिशन की टंकी फूटने पर सियासत; अफसर बोले- फूटी नहीं, ओवर फ्लो के कारण गिर रहा था पानी
महोबा में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी टेस्टिंग के दौरान फूटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को सपा और कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि टंकी ठीक बनी है। ओवर फ्लो की वजह से पानी गिर रहा था।

महोबा में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी टेस्टिंग के दौरान फूटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को सपा और कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वहीं ग्राम प्रधान समेत कई ग्रामीणों ने निर्माण में लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। उधर, ठेकेदार ने आनन-फानन में टंकी की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। लेकिन जल निगम ग्रामीण अधिशासी अभियंता का कहना है कि टंकी ठीक बनी है। ओवर फ्लो की वजह से पानी गिर रहा था।
नगाराडांग गांव में टंकी फटने की खबर का महोबा के जल निगम ग्रामीण अधिशासी अभियंता कार्यालय ने खंडन किया है। टंकी फटने की खबर के बाद अधिशासी अभियंता कार्यालय ने टंकी की जांच करवाई। रिपोर्ट में कहा गया है कि टंकी में किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि नहीं है। दरअसल टंकी ओवर फ्लो हो गई थी। बता दें कि टंकी से पानी गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था।
डीएम ने गठित की तीन सदस्यीय टीम
टेस्टिंग के बाद पानी की टंकी के लीकेज होने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, और अधिशाषी अभियंता मौदहा बांध की तीन सदस्यीय टीम गठित करते हुए जांच कराने के निर्देश दिए है। तीन सदस्यीय टीम को धरातल पर गहनता से जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए है।
विपक्ष ने योगी-मोदी सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महोबा में भाजपा के भ्रष्टाचार का बोझ न उठा पायी पानी की टंकी। यहां बुलडोजर नहीं चलेगा क्योंकि भ्रष्टाचार की पाइप लाइन महोबा से लखनऊ तक, जलापूर्ति की जगह धनापूर्ति कर रही है। ये जल मिशन नहीं कमीशन मिशन है। भाजपा जाए तो पानी मिल जाएं।
वहीं, कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा, 'मोदी सरकार में भ्रष्टाचार को झरना। ये पानी की टंकी यूपी के महोबा में बनाई गई। इसको बनाने में जनता के 65 लाख रुपये खर्च किए गए है। टेस्टिंग के एक दिन बाद ही पानी की टंकी से झरने की तरह पानी गिरने लगा। असल में ये सबूत है मोदी सरकार के भ्रष्टाचार का। जल जीवन मिशन और इस जैसी तमाम योजनाएं सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार का जरिया बन कर रह गई है। मोदी का साफ संदेश है तुम भी खाओ, मुझे भी खिलाओ।'




साइन इन