is amitabh bachchan a jhansi voter 2003 sir list is going viral the administration has revealed the truth अमिताभ बच्चन झांसी के वोटर? 2003 की SIR लिस्ट होने लगी वायरल; प्रशासन ने खोली सच्चाई, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अमिताभ बच्चन झांसी के वोटर? 2003 की SIR लिस्ट होने लगी वायरल; प्रशासन ने खोली सच्चाई

वायरल हो रही वोटर लिस्ट में अमिताभ का नाम ही नहीं उनकी उम्र 76 वर्ष और पिता हरिवंश बच्चन का नाम भी लिखा है। बात अमिताभ की थी सो फैलने में देर नहीं लगी। प्रदेश भर में इसकी चर्चा होने लगी। प्रशासन भी ऐक्टिव हुआ।अधिकारियों ने इसकी सच्चाई खोली। 

Thu, 4 Dec 2025 03:35 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
अमिताभ बच्चन झांसी के वोटर? 2003 की SIR लिस्ट होने लगी वायरल; प्रशासन ने खोली सच्चाई

यूपी में एसआईआर (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच गुरुवार को अचानक झांसी से वायरल होने लगी एक सूचना ने सबका ध्यान खींचा। बात चौंकाने वाली थी। दावा किया गया कि सदी के महानायक और बॉलीवुड के शहंशाह कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन झांसी सदर विधानसभा क्षेत्र के वोटर हैं। यही नहीं, उन्होंने 2003 में अपनी तर्जनी रंगवाकर ‘वोट की चोट’ लगाई है। लिस्ट में अमिताभ के साथ पिता हरिवंश राय का नाम और मकान नंबर-54 होने का भी दावा किया जा रहा था। हालांकि अमिताभ बच्चन से जुड़ी इस बात स्वाभाविक रूप से प्रशासन का भी ध्यान गया। अधिकारी ऐक्टिव हुए और शुरुआती जांच पड़ताल के बाद उनकी ओर से कहा गया कि बात सही नहीं है। प्रशासन ने इसे किसी सिरफिरे की हरकत बताई जिसने वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर यह गलत सूचना वायरल कर दी। इस मामले में नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।

झांसी के ओरछागेट बाहर मोहल्ला कछियाना में चलाए जा रहे अभियान के दौरान वोटर लिस्ट में बिग बी का नाम दर्ज होने की बात तेजी से फैली। बताया जाने लगा कि वोटर लिस्ट में अमिताभ का नाम ही नहीं उनकी उम्र 76 वर्ष और पिता हरिवंश बच्चन का नाम भी लिखा है। बात अमिताभ की थी सो फैलने में देर नहीं लगी। झांसी से लेकर प्रदेश भर में इसकी चर्चा होने लगी। इसी बीच इस पर प्रशासन भी ऐक्टिव हुआ। अधिकारियों ने इसे किसी सिरफिरे की हरकत बताई। कहा कि वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ करके उसे वायरल किया गया होगा।

घर-घर पहुंच रहे बीएलओ

यूपी में इन दिनों स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) कार्यक्रम जोरों से चल रहा है। मतदाता सूची 2003 की लिस्ट के हिसाब से बीएलओ घर-घर जा रहे हैं। वहीं काफी संख्या में मतदाता ऐसे भी हैं, जिनका ढूंढे से लिस्ट में नाम नहीं है। किसी-किसी परिवार में छह सदस्य हैं तो उनके मात्र दो लोगों के नाम की पर्ची मिली है। वहीं दूसरी तरफ ओरछा गेट बाहर इलाके में मोहल्ला कछियाना सदर विधानसभा-312 की कथित वोटर लिस्ट में अभिनेता अमिताभ बच्चन का नाम लिखा है। इस बात फैलते ही पूरे इलाके में चर्चा होने लगी।

हकीकत में अमिताभ पुत्र हरिवंश राय का नाम

2003 वोटर लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का नाम सामने आने के बाद पूरे इलाके में अजब स्थिति हो गई। लोगों ने कहा कि उन्होंने तो फिल्मों में ही अमिताभ बच्चन को देखा है। उनका नाम वोटर लिस्ट में आना वाकई हैरानी की बात है। यही नहीं यह भी दावा किया गया कि उन्होंने यहां मतदान भी किया। जबकि यह सच नहीं है। इस बारे में जिला सूचना कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि झांसी विधानसभा क्षेत्र 223- झांसी नगर में सोशल मीडिया पर 2003 की मतदाता सूची की भ्रामक कॉपी प्रसारित की जा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि 2003 की मतदाता सूची को देखने के लिए अधिकृत वेबसाइट/ लिंक https://ceouttarpradesh.nic.in/rollpdf/rollpdf.aspx पर 2003 की जो मतदाता सूची अपलोड है, उसमें भाग संख्या-01 की मतदाता सूची में मतदाता का नाम अमिताभ पुत्र हरिवंश राय उम्र 76 वर्ष दर्ज है। इस प्रकार प्रसारित सूचना पूर्णतया भ्रामक है।

क्या बोले अधिकारी

उप जिलाधिकारी सदर गोपेश तिवारी ने कहा कि अमिताभ बच्चन पुत्र हरिवंश राय बच्चन जैसा कोई भी नाम इस समय और इससे पहले जारी सूची में नहीं है। यह फर्जी है। किसी ने सूची में छेड़छाड़ कर उसमें नाम अमिताभ बच्चन लिखकर वायरल कर दिया है। इसकी जांच कराई जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में आधी रात से ऐक्शन में NIA, पेट्रोल पंप मालिक के कई ठिकानों पर छापे
ये भी पढ़ें:बांग्लादेशी घुसपैठियों की लिस्ट बनेगी, हर मंडल में 1 डिटेंशन सेंटर; योगी का आदेश
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।