दर्द से चीखता रहा मासूम, पिता को न आई दया; मौत होने तक सीने पर चढ़ा रहा
संजीदा अपने बेटों के साथ खा-पीकर सो गई। रात करीब एक बजे मोईद शराब के नशे में घर आया और तख्त पर सोए अदनान के सीने पर चढ़कर उसे दबाने लगा। वह मना करती रही, लेकिन वह नहीं माना। मासूम चीखता रहा, लेकिन बाप तब तक सीने पर चढ़ा रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

यूपी के संतकबीरनगर के दुधारा थाना क्षेत्र के दुधारा गांव में बुधवार की रात एक शराबी पिता हैवान बन गया। पत्नी से विवाद के बाद उसने आठ साल के मासूम बेटे के सीने पर चढ़कर उसकी जान ले ली। इस दौरान बच्चा दर्द से लगातार चीखता रहा लेकिन निर्दयी पिता को दया नहीं आई। बच्चे की मौत होने तक वह सीने पर चढ़ा रहा। पत्नी को भी चोटें आई हैं। बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
दुधारा गांव की रहने वाली संजीदा खातून ने पुलिस को बताया कि उसका पति मोईद अहमद घर के खर्च के लिए रुपये नहीं देता है। मांगने पर पीटता है। बुधवार की रात वह कहीं से घर आया और बिना वजह आठ साल के बेटे अदनान को गाली देते हुए विवाद करने लगा। आसपास के लोग समझा-बुझाकर चले गए। पति भी कहीं चला गया। संजीदा अपने बेटों अदनान और दो वर्षीय अरमान के साथ खा-पीकर सो गई। रात करीब एक बजे मोईद शराब के नशे में घर आया और तख्त पर सोए अदनान के सीने पर चढ़कर उसे दबाने लगा। वह मना करती रही, लेकिन वह नहीं माना।
मासूम चीखता रहा, लेकिन दरिंदा बना बाप तब तक सीने पर चढ़ा रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। संजीदा के भाई गंगौली गांव निवासी अब्दुल कलाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में सीने के दोनों तरफ की 10 हड्डियां टूटी मिलीं। फेफड़े में आधा लीटर खून जमा पाया गया। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
निर्दयी बाप मोईद अहमद ने मानवता और रिश्ते दोनों को कलंकित कर दिया। बच्चों का खर्च मांगने पर पहले पत्नी से विवाद शुरू किया और फिर उसे थप्पड़ से मारापीटा। 8 साल के मासूम बेटे अदनान के प्राण निकलने तक उसके सीने पर चढ़ा रहा। उसकी क्रूरता की कहानी खुद पोस्टमार्टम रिपोर्ट बता रही है। मासूम अदनान के सीने के दोनों तरफ के पिछले हिस्से की 10 हड्डिया टूट गई हैं। फेफड़े में करीब आधा लीटर खून जमा हो गया था। मृत्यु पूर्व आंतरिक चोटों के कारण ही उसकी मौत होना आया है। पीड़ित मां ने देर शाम दुधारा थाने पहुंच कर जब पति की क्रूरता की कहानी बताई तो पुलिस वाले दंग रह गए।
दुधारा गांव के रहने वाले मोईद अहमद की पहली पत्नी से दो बेटे हैं। पहली पत्नी के दोनों बेटे अपने ननिहाल में रहते हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद मोईद अहमद ने क्षेत्र के गंगौली गांव की संजीदा खातून से करीब 13 वर्ष पूर्व शादी किया। मोईद और संजीदा से भी दो बेटे पैदा हुए है। जिसमें अदनान 8 वर्ष और अरमान 2 वर्ष है। इधर मोईद शराब का सेवन करने लगा और खर्च मांगने पर अक्सर पत्नी संजीदा खातून से विवाद करने लगा।
पीड़ित पत्नी संजीदा खातून ने बताया कि बुधवार की शाम को करीब 7 से 08 बजे के बीच में मोईद शराब के नशे में घर पहुंचा था। जब उससे बच्चों के खर्च की मांग की तो भड़क उठा और विवाद किया। उसे थप्पड़ से मारा और कहीं चला गया। रात करीब एक बजे मोईद अहमद आया और उसके 8 साल के बेटे अदनान के सीने पर तब तक चढ़ा रहा, जब तक बेटे की मौत नहीं हो गई। उसके आंख के सामने ही कलेजे के टुकड़े को मार डाला। बेटे की मौत से वह सदमें में आ गई और खुद के साथ 2 वर्ष के बेटे अरमान को संभाल रही थी।
क्या बोली पुलिस
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने कहा कि पीड़ित पत्नी संजीदा खातून की तहरीर के आधार पर पुलिस ने देर शाम आरोपी पति मोईद अहमद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।




साइन इन