इंडियन स्पिनर कुलदीप यादव-वंशिका का लखनऊ में शाही रिसेप्शन, योगी समेत कई दिग्गज हस्तियां पहुंचीं
इंडिया टीम के स्पिनर कुलदीप यादव और वंशिका का लखनऊ में शाही रिसेप्शन हुआ। इस रिसेप्शन में सीएम योगी, अखिलेश यादव, गौतम गंभीर समेत कई दिग्गत शामिल हुए।

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और उनकी जीवन संगिनी वंशिका सिंह के रिसेप्शन में सितारों का जमघट देखने को मिला। क्रिकेट स्टार खिलाड़ियों के साथ ही राजनीतिक गलियारों के दिग्गज कुलदीप यादव-वंशिका को जीवन की नई शुरुआत की शुभकामनाएं देने सुशांत गोल्फ सिटी स्थित फाइन स्टार होटल द सेंट्रम पहुंचे। विवाह के बाद कुलदीप-वंशिका का रिसेप्शन आज यहां हुआ जहां देर रात तक मेहमानों के आने का सिलसिला जारी रहा। इन दिग्गजों में सीएम योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, गौतम गंभीर और शिखर धवन प्रमुख नाम शामिल रहे।
शाही अंदाज में एंट्री- 1960 की विंटेज रोल्स-रॉयस
रिसेप्शन का सबसे खास आकर्षण नवविवाहित जोड़े की ग्रैंड एंट्री रही। कुलदीप और वंशिका दिल्ली से विशेष रूप से मंगाई गई 1960 मॉडल की विंटेज रोल्स-रॉयस कार में सवार होकर कार्यक्रम में पहुंचे। काले रंग के शानदार बंद गले के प्रिंस सूट में कुलदीप और क्रीम कलर की स्टोन-वर्क वाली साड़ी में वंशिका की जोड़ी बेहद खूबसूरत और शाही लग रही थी। होटल परिसर में फूलों की वर्षा के साथ इस जोड़े का जोरदार अभिनंदन किया गया।
योगी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं
समारोह की गरिमा तब और बढ़ गई जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। कुलदीप ने पारंपरिक संस्कार निभाते हुए मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया।मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। राजनीतिक गलियारों से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कोच गौतम गंभीर ने भी मंच पर पहुंचकर कुलदीप को गले लगाया
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी मंच पर पहुंचकर कुलदीप को गले लगाया। क्रिकेट की दुनिया से रविंद्र जडेजा और शिखर धवन इस कार्यक्रम में सपरिवार शामिल हुए। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल जैसे क्रिकेट सितारों के शामिल होने से समारोह को चार चांद लग गये।
900 मेहमानों की मेजबानी के लिए चार चार्टर्ड विमानों का प्रबंध
लगभग 900 मेहमानों की मेजबानी के लिए चार चार्टर्ड विमानों का प्रबंध किया गया था। शाम को और भी यादगार बनाने के लिए वीणा, सारंगी और ड्रम की लाइव प्रस्तुतियों ने शास्त्रीय और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम पेश किया। बताते चले कि कुलदीप ने बीते 14 मार्च को मसूरी में अपनी बचपन की मित्र वंशिका के साथ सात फेरे लिए थे।




साइन इन