यूपी की नामी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में आधी रात के बाद कांड, अचानक चीखने लगा बीटेक छात्र; लहूलुहान
दो जनवरी की देर रात ढाई बजे पढ़ाई करने के बाद वह अपने बेड पर सो गया। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की नीयत से रूममेट ने उसके सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। खून से लथपथ होकर वह चिल्लाते-चिल्लाते वहीं गिर गया। शोर सुनकर अन्य छात्र आए और एंबुलेंस को सूचना दी।

यूपी के गोरखपुर की नामी-गिरामी मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएमएमयूटी) के हॉस्टल में आधी रात के बाद एक बड़ा कांड हो गया। यहां प्रयागराज के रहने वाले बीटेक के एक छात्र पर जानलेवा हमला हो गया है। छात्र पर सोते समय अचानक ईंट से ताबड़तोड़ वार किए गए। हॉस्टल के सन्नाटे में उसकी चीखें गूंजने लगीं। घायल छात्र को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया है। छात्र की तहरीर पर लखीमपुर के रहने वाले आरोपी रूममेट के खिलाफ एम्स पुलिस ने शनिवार को हत्या की कोशिश की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्रयागराज के यमुनानगर मांडा क्षेत्र के बभवी हेथार निवासी शिवांश पांडेय एमएमएमयूटी में बीटेक कंप्यूटर साइंस फर्स्ट ईयर का छात्र है। शिवांश ने बताया कि वह यूनिवर्सिटी हॉस्टल के रूम नंबर जी-24 में रहता है। लखीमपुर खीरी का रहने वाला छात्र उसका रूममेट है। पहले दिन से ही किसी न किसी बात को लेकर वह झगड़ता रहता था।
पिछले 2 जनवरी की देर रात करीब 2:30 बजे पढ़ाई करने के बाद वह अपने बेड पर सो गया। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की नीयत से रूममेट ने उसके सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। खून से लथपथ हालत में वह चिल्लाते-चिल्लाते वहीं गिर गया। शोर सुनकर अन्य छात्र आए और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस आने में देर होने पर सभी छात्र सिक्योरिटी गार्ड की बाइक से एम्स लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर इमरजेंसी में भर्ती किया। जांच में पता चला कि जबड़ा टूट गया है। साथ ही सिर में गंभीर घाव होने की वजह से 10 से अधिक टांके लगाने पड़े। सूचना पर प्रयागराज से घायल छात्र के अभिभावक भी गोरखपुर आ गए हैं। शिवांश ने बताया कि काफी पहले आरोपी अपने चाचा पर भी जानलेवा हमला कर चुका है। शिवांश के अभिभावकों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
क्या बोली पुलिस
गोरखपुर के सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि पढ़ाई करते समय एक रूम में रहने वाले दो छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद एक ने हमला कर दिया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।




साइन इन