लखनऊ में घर लेने का प्लान है तो जान लें एलडीए बनाने जा रहा 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैट
लखनऊ में घर लेने का प्लान है तो जान लें एलडीए 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनाने जा रहा है। एलडीए सीतापुर रोड पर लगभग 900 एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस भवन बनाएगा। जिनकी कीमत 15 लाख से 35 लाख रुपये तक होगी।

UP News: लखनऊ में अगर मकान लेने का प्लान बना रहे हैं तो जान लें यह खबर । दरअसल, मध्यम और अल्प आय वर्ग को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एलडीए बड़ी पहल करने जा रहा है। इसके अंतर्गत एलडीए सीतापुर रोड पर लगभग 900 एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस भवन बनाएगा। जिनकी कीमत 15 लाख से 35 लाख रुपये तक होगी।
इससे आम नागरिकों को शहर में आबादी के बीच इतनी प्राइम लोकेशन पर बेहतरीन आवासीय सुविधा मिल सकेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस परियोजना पर मुहर लगा दी है। अब जल्द ही बहुमंजिला अपार्टमेंट के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास कब्जामुक्त कराई गई लगभग 16,000 वर्गमीटर जमीन पर यह ग्रुप हाउसिंग परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना व ले-आउट प्लान तैयार कराया गया है।
शहर में अपने आवास का सपना साकार हो सकेगा
उन्होंने बताया कि यहां 582 एलआईजी और 336 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के भवन निर्मित किये जाएंगे। एलआईजी भवन 02 बीएचके के होंगे, जिनका क्षेत्रफल लगभग 50 वर्गमीटर होगा। 02 बीएचके के भवन की कीमत लगभग 35 लाख रुपये होगी। वहीं, 01 बीएचके के ईडब्ल्यूएस भवन लगभग 38 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये रखी जाएगी। इससे मध्यम एवं अल्प आय वर्ग के परिवारों के लिए शहर में अपने आवास का सपना साकार हो सकेगा।
प्राइम लोकेशन पर बनेंगे किफायती भवन
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह प्रोजेक्ट शिया पीजी कॉलेज के पास मुख्य सीतापुर रोड पर होगा, जिससे लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, मॉल, बाजार, रेलवे स्टेशन, सब्जी एवं फल मंडी आदि सभी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। इससे इस परियोजना की लोकेशन बेहद प्राइम होगी, जबकि भवनों की कीमत किफायती होगी।
बेसमेंट व स्टिल्ट पार्किंग होगी
इस आवासीय परियोजना में सभी टावर आपस में इंटर कनेक्ट होंगे। जिससे लोगों को आवागमन में आसानी होगी। अपार्टमेंट्स में 08 पैसेंजर लिफ्ट और 03 सर्विस लिफ्ट का प्रावधान किया जाएगा। योजना में 600 से अधिक वाहनों के लिए बेसमेंट व स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा लगभग 3,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क एवं ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा।




साइन इन