बिजली विभाग का कोई संविदाकर्मी ऐसा करता मिला तो जाएगी नौकरी, UPPCL चेयरमैन का ये आदेश
उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन के चेयरमैन ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी संविदाकर्मी बिना सुरक्षा उपकरण के काम करता पाया जाए तो उसे तत्काल बर्खास्त कर दिया जाए।

समीक्षा बैठक में यूपी पावर कॉरपोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने आदेश दिए हैं कि अगर कोई भी संविदाकर्मी बिना सुरक्षा उपकरण के काम करता पाया जाए तो उसे तत्काल बर्खास्त कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी कहीं कोई विद्युत दुर्घटना होती है तो अधिशासी अभियंता तक की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. गोयल ने कहा कि सभी डिस्कॉम में पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं। मरम्मत का काम सुरक्षा उपकरण पहनकर ही किया जाए।
पॉवर कॉरपोरेशन के चेयरमैन डॉ. गोयल ने कहा कि एक दिसंबर से बिजली बिल राहत योजना (ओटीएस) शुरू हो रही है। योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना उन बकायेदारों के लिए काफी आकर्षक है, जिन्होंने अब तक एक बार भी बिजली बिल जमा नहीं किया है या वे लंबे समय से बकायेदार हैं। उन्होंने कहा कि मुनादी, जिला प्रशासन से सहयोग, मीटर रीडर, फीडर मैनेजर, पंपलेट, अखबार, सोशल मीडिया, कॉलर ट्यून और व्हाट्सऐप संदेशों का उपयोग करके योजना प्रसारित की जाए। डॉ. गोयल ने ट्रांसफार्मर क्षति रोकने, एटीएंडसी हानियां कम करने, राजस्व वसूली बढ़ाने और सोलर रूफटॉप कनेक्शन की शिकायतें दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजनेस प्लान के काम समय से पूरा करें।
बिना तैयारी आने पर निदेशक को चेतावनी
चेयरमैन डॉ. गोयल ने बैठक में दक्षिणांचल डिस्कॉम के निदेशक तकनीकी और निदेशक वाणिज्य को बिना तैयारी के आने पर चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं। शक्ति भवन में हुई इस बैठक में सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक, निदेशक तकनीकी एवं वाणिज्य और पावर कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।




साइन इन