प्रेमिका ने दूल्हे के अरमानों पर फेर दिया पानी, शादी में दुल्हन के सामने खोल दिया काला चिट्ठा
यूपी के अमरोहा में दूल्हे की प्रेमिका ने बारात में जमकर हंगामा किया। हंगामे की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रेमिका ने शादी में दुल्हन के सामने काला चिट्ठा खोल दिया। शादी की रस्में रुक गईं। अफरातफरी के बीच बाराती मौके से भाग निकले।

यूपी के अमरोहा में सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव ढक्का में सोमवार दोपहर हापुड़ से आई बारात में उस समय हंगामा मच गया, जब दूल्हे की प्रेमिका ने अचानक मौके पर पहुंचकर निकाह की रस्म रुकवा दी। प्रेमिका ने शादी में दुल्हन के सामने काला चिट्ठा खोल दिया। सूचना पर पहुंची सैदनगली पुलिस आरोपी दूल्हे को पकड़कर थाने ले गई। अफरातफरी के बीच बाराती मौके से भाग निकले। जांच-पड़ताल में पता लगा कि प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर छह वर्ष तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए बीते रविवार को ही आरोपी युवक के खिलाफ गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। सैदनगली पुलिस आरोपी को गाजियाबाद पुलिस के सुपुर्द कर रही है।
जानकारी के मुताबिक जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुदाफरा निवासी अफसार पुत्र इकरार की बारात सोमवार दोपहर थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव ढक्का में आई थी। खाना खाने के बाद निकाह की तैयारी चल रही थी कि इसी दौरान करीब 30 वर्षीया महिला मौके पर आ पहुंची और हंगामा करने लगी। आरोप लगाया कि अफसार ने शादी का झांसा देकर छह वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया है। अब वह गुपचुप तरीके से ढक्का में बारात लेकर आ गया। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा बने अफसार को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। पीछे से महिला भी थाने पहुंच गई। उसने थानाध्यक्ष विकास कुमार को पूरा मामला बताया। बीते रविवार को गाजियाबाद के ट्रोनिका थाने में अफसार के खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे की प्रति भी दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी गई है। चूंकि, आरोपी के खिलाफ पहले से ही गाजियाबाद में मुकदमा दर्ज है, इसलिए उसे वहां की पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है। वहीं अफसार के खिलाफ ढक्का निवासी दुल्हन के परिजन भी सैदनगली थाने में तहरीर दे रहे हैं। महिला के हंगामे के बाद निकाह समेत अन्य सभी रस्म रोक दी गई थीं। लेकिन, तब तक बाराती खाना खा चुके थे। हंगामा देखकर बाराती भाग निकले। ढक्का निवासी दुल्हन के परिजनों का कहना है कि अफसार व उसके परिजनों ने उन्हें गुमराह किया है। अफसार के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। दावत आदि पर हुआ खर्च मांगा जा रहा है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अफसार व दुल्हन के परिजनों के बीच शादी पर हुआ कुल खर्च देने की बात चल रही है।
आरोपी के मामा की लड़की है हंगामा करने वाली पीड़िता
शादी में हंगामा करने वाली महिला आरोपी अफसार के मामा की लड़की है। पीड़िता का कहना है कि उसकी शादी 21 अगस्त 2015 को सद्दाम से हुई थी। वह अपने पति के संग खुश थी कि अफसार रिश्तेदारी होने की वजह से उनके घर आया और प्यार व शादी का झांसा देकर सद्दाम से उसका संबंध विच्छेद करा दिया। इसके बाद छह वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाने में दर्ज मुकदमे में इसका जिक्र है।




साइन इन