आई लव मोहम्मद को लेकर पूरे यूपी में अलर्ट, जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात
आई लव मोहम्मद को लेकर बढ़ते तनाव को देखते हुए पूरे प्रदेश में पुलिस प्रशासन अलर्ट है। पुलिस टीम अपने क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। कानून व्यवस्था बरकरार रखने के लिए तमाम प्रशासन ने जरूरी कदम उठाए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी कर रहे हैं।

आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद के बढ़ते तनाव को देखते हुए पूरे प्रदेश में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर रहा। सभी जिलों में पुलिस टीम अपने क्षेत्र में गश्त करती रही। कानून व्यवस्था बरकरार रखने के लिए तमाम जरूरी कदम उठाए गए। जुमे की नमाज को लेकर मस्जिदों पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया। जिससे जिले में कानून व्यवस्था कायम रह सके। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी पर लगाया गया। कुछ स्थानों पर ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई।
कानपुर में बारावफात पर आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद के बढ़ते तनाव को देखते हुए बदायूं, आगरा,लखनऊ और बरेली समेत कई अन्य जिलों में प्रशासन अलर्ट पर रहे। बदायूं एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले भर में शांति का माहौल रहा। पुलिस फ्लैगमार्च के साथ ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।
पश्चिमी यूपी में भी हाई अलर्ट
वेस्ट यूपी में हाईअलर्ट के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण रही। मेरठ जोन के सभी जिलों में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी सुबह से सड़कों पर रहे। सोशल मीडिया पर एक सप्ताह से लगातार निगरानी की जा रही थी। शुक्रवार सुबह से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट तैनात रही। सहारनपुर में एक युवक ने आई-लव मोहम्मद का पोस्टर दिखाया, जिसे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। मुजफ्फरनगर में हिंदू संगठन ने महावीर चौक के पास आई-लव महादेव के पोस्टर लगाए जिसे पुलिस ने हटवा दिया।
आई-लव मोहम्मद कैंपेन को लेकर वेस्ट यूपी में पहले से हाईअलर्ट घोषित किया गया था। पुलिस पिछले 10 दिनों से नजर रख रही थी। हर थाने में शांति समिति की मीटिंग कराई गई और लोगों से विवादित कैंपेन से नहीं जुड़ने की अपील करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। प्रमुख मस्जिद के जिम्मेदार लोगों से वेस्ट यूपी के तमाम जिलों में अपील कराई गई थी। मेरठ में पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से नमाज हुई। बुलंदशहर-बिजनौर, बागपत, शामली और हापुड़ में भी नमाज शांतिपूर्ण रही।
सहारनपुर में पोस्टर दिखाने वाले को भेजा जेल
सहारनपुर की जामा मस्जिद के बाहर नमाज के बाद नवाबगंज निवासी बिलाल ने दोनों हाथों में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा पोस्टर दिखाया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लिया और कोतवाली लाया गया। पूछताछ के बाद देर शाम मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
मुजफ्फरनगर में लगाए आई-लव महादेव के पोस्टर
मुजफ्फरनगर में गुरुवार देर रात कुछ हिंदू संगठन के सदस्यों ने महावीर चौक के आसपास आई-लव महादेव के पोस्टर लगा दिए। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी मिलते ही फोर्स मौके पर पहुंची और पोस्टर हटवा दिए। पूरे जिले में भारी फोर्स तैनात रहा।
बरेली में पुलिस ने किया लाठीचार्ज
हालांकि बरेली में जुमा नमाज के बाद हालात बिगड़ गए और पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। दरअसल, जुमा की नमाज के बाद शहर की सड़कों पर जबरदस्त हलचल देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग तख्तियां और पोस्टर लेकर निकल पड़े और नारेबाज़ी करते हुए इस्लामिया ग्राउंड व खलील स्कूल चौक की ओर बढ़े।
जैसे ही भीड़ इन इलाकों में पहुंची वैसे ही माहौल गर्मा गया। पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की लेकिन लोग बेकाबू हो गए। स्थिति बिगड़ते ही पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी और लाठीचार्ज कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया जिससे माहौल बिगड़ गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। अधिकारी लोगों को समझाने में जुट हैं।




साइन इन