आई लव मोहम्मद कैंपेन को लेकर वेस्ट यूपी में हाई अलर्ट, प्रचार देखते ही एक्शन का आदेश
आई लव मोहम्मद नाम से कैंपेन को लेकर पश्चिमी यूपी में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। मेरठ में एडीजी जोन भानु भास्कर ने पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग की और कैंपेन का प्रचार करते मिलने पर तुरंत एक्शन का दिया है। हर जिले में बॉर्डर सील कर चेकिंग अभियान भी पुलिस फोर्स चलाएगी।

आई लव मोहम्मद नाम से कैंपेन चलाकर माहौल बिगाड़ने की साजिश की आशंका पर वेस्ट यूपी में हाईअलर्ट घोषित किया गया है। मेरठ एडीजी जोन भानु भास्कर ने जोन के सभी आईजी-डीआईजी और एसएसपी-एसपी को निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सभी जिलों में फोर्स को अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च निकालने और जिलों के बार्डर को सील कर चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। संवेदनशील जगहों पर एलआईयू और इंटेलिजेंस टीम को एक्टिव कर दिया है। हर मामले में जोन कार्यालय को इनपुट देने का आदेश दिया गया है।
यूपी समेत देश में कुछ जगहों पर आई लव मोहम्मद नाम से कैंपेन चलाया गया। वेस्ट यूपी सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए यहां पुलिस अधिकारियों ने पहले से सतर्कता बढ़ा दी है। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने जोन के सभी आईजी-डीआईजी और एसएसपी से ऑनलाइन मीटिंग की है। हाई अलर्ट घोषित किया है और पुलिस को पूरी तरह चौकस रहने को कहा है। एडीजी भानु भास्कर ने बताया पुलिस सोशल मीडिया और पब्लिक के बीच सक्रिय रहे, ताकि इस तरह के कैंपेन को लेकर पहले से जानकारी मिल सके।
संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाएं। इस तरह का कोई इनपुट मिलता है तो तुरंत कार्रवाई शुरू कराएं। पूर्व में धार्मिक भावनाओं को भड़काने की घटनाओं में आरोपी रहे लोगों को चिह्नित करने और इनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने को कहा है। सीओ अपने इलाकों में फोर्स के साथ अलर्ट मोड पर रहेंगे। मंगलवार को वेस्ट यूपी के सभी जिलों में फोर्स के साथ अफसर सड़कों पर रहे और फ्लैग मार्च निकाला।
सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई
व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत बाकी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर योजना बनाकर भीड़ जुटाई जाती है। ऐसे में तमाम प्लेटफार्म पर निगरानी को जोन और रेंज स्तर पर टीम बनाई गई है। सभी अधिकारियों को आदेश दिया है कि इस तरह के किसी भी इनपुट पर लापरवाही न बरतें और तुरंत जोन कार्यालय पर सूचना प्रसारित करें।
धार्मिक स्थानों पर चौकसी बढ़ाई
एडीजी ने आदेश दिया है धार्मिक स्थलों खासतौर पर संवेदनशील इलाकों के धार्मिक स्थल पर पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। आशंका है कि असामाजिक तत्व माहौल भड़काने के लिए धार्मिक स्थलों को टारगेट कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस को लगातार निगरानी और रात को चौकसी बढ़ाने को कहा है।
भ्रामक सूचनाओं पर न दें ध्यान
एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने कहा कि माहौल भड़काने और धार्मिक उन्माद फैलाने के इनपुट पर हाईअलर्ट किया है। विद्वेष फैलाने या हिंसा भड़काने, लोगों को गलत तथ्य बताकर गुमराह करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है। अपील है भ्रामक पोस्ट और सूचनाओं पर विश्वास न करें। अधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास रखें। कोई जानकारी हो तो पुलिस से साझा करें।




साइन इन